
क्या वसीम जाफर अगले चीफ सेलेक्टर होंगे?Image Credit source: PTI
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सबसे अहम सेलेक्शन कमेटी इन दिनों सुर्खियों में है. सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी में खाली एक पद को भरने के लिए BCCI ने हाल ही में आवेदन मंगाए थे, जिसमें एक ऐसे दिग्गज ने दावा पेश किया है, जिसे अगर चुन लिया गया तो वो ही अगला मुख्य चयनकर्ता होगा. चीफ सेलेक्टर के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद सेलेक्शन कमेटी में ये वैकेंसी आई है और इसे भरने की रेस में अब दिग्गज बल्लेबाज वसीम जाफर सबसे आगे हो गए हैं.
बीती 4 अक्टूबर को अजीत अगरकर का कार्यकाल पूरा हो गया था और ऐसे में 5 सदस्यों वाली सेलेक्शन कमेटी में एक जगह खाली हो गई थी. अगरकर के जाने से ये वेस्ट जोन का ही कोटा खाली हुआ है और इसलिए नया सेलेक्टर भी इसी जोन से आएगा. इस मामले में पहले पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल का नाम सबसे आगे था लेकिन उन्होंने इसके लिए आवेदन नहीं किया. 14 अक्टूबर को आवेदन की डेडलाइन खत्म हो गई और अब दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं.
जाफर समेत रेस में ये दावेदार
पीटीआई की एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि BCCI के पास कई पूर्व खिलाड़ियों ने आवेदन भेजे हैं, जिसमें सबसे बड़ा नाम वसीम जाफर का है. टीम इंडिया और मुंबई के इस पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने इस बात की पुष्टि भी की और बताया कि उन्होंने सेलेक्टर की पोस्ट के लिए अप्लाई किया हुआ है. जाफर के अलावा मुंबई के ही पूर्व स्पिनर रमेश पोवार भी इस रेस में हैं. वहीं बड़ौदा के पूर्व बल्लेबाज जैकब मार्टिन और कॉनर विलियम्स ने भी दावेदारी पेश की है.
इस पद के लिए सभी दावेदारों का इंटरव्यू BCCI की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) ने किए हैं, जो अपनी सिफारिश BCCI को भेजेगी. इसी सिफारिश के आधार पर BCCI नए सेलेक्टर को चुनेगी. इस रेस में फिलहाल जाफर का नाम सबसे आगे है क्योंकि उनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ ही घरेलू क्रिकेट का भी लंबा अनुभव है. जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच में करीब 2 हजार रन बनाए, जिसमें 2 दोहरे शतक समेत कुल 5 शतक शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने 260 फर्स्ट क्लास मैच में 19 हजार से ज्यादा रन भी बनाए हैं.
अगर चुने गए तो होंगे चीफ सेलेक्टर
अब अगर CAC जाफर के नाम की सिफारिश करती है और BCCI इसे मानती है तो जाफर को न सिर्फ सेलेक्शन कमेटी में जगह मिलेगी बल्कि वो सीधे नए चीफ सेलेक्टर भी बन जाएंगे. BCCI के संविधान के मुताबिक, सेलेक्शन कमेटी के जिस सदस्य ने सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेले होते हैं, वो चेयरमैन बनता है. ऐसे में प्रज्ञान ओझा (24 टेस्ट) से ये मौका छिन जाएगा, जो फिलहाल अंतरिम चेयरमैन हैं.
हालांकि, PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI के अंदर बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा के लिए अच्छा-खासा सपोर्ट है. इस स्थिति में बोर्ड किसी दूसरे दावेदार, खास तौर पर रमेश पोवार (2 टेस्ट मैच) को नया सेलेक्टर चुन सकती है, जिससे प्रज्ञान को ज्यादा टेस्ट के आधार पर चीफ सेलेक्टर बनाए रखा जा सके.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More