sports

नहीं देखा होगा ऐसा रन आउट, तिलक वर्मा को लापरवाही ले डूबी, बचकानी गलती से गंवाया विकेट

October 11, 2026

नहीं देखा होगा ऐसा रन आउट, तिलक वर्मा को लापरवाही ले डूबी, बचकानी गलती से गंवाया विकेट

तिलक वर्मा का रन आउट देखकर माथा पीट लेंगे.Image Credit source: PTI

India vs West Indies: इंदौर में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी20 मैच में एक ऐसा रन आउट हुआ, जिसे देखकर या तो खूब हंसी आएगी या फिर अपना माथा पीट लेंगे. होलकर स्टेडियम में रविवार 11 अक्टूबर को खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की. टीम के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने तूफानी पारियां खेलीं. फिर तिलक वर्मा ने भी स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया. मगर फिर अचानक एक बाउंड्री के चक्कर में वो रन आउट हो गए. ऐसा रन आउट, जो शायद ही पहले कभी देखा होगा.

एक गलतफहमी से हो गया हादसा

ये हुआ भारतीय पारी के 17वें ओवर में. वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती गेंदबाजी कर रहे थे. उनके ओवर की चौथी गेंद फुलटॉस थी, जिसे अक्षर पटेल ने फ्लिक करते हुए स्क्वायर लेग की ओर खेल दिया. अक्षर और तिलक ने तेजी से एक रन पूरा किया. वहीं फील्डर कामिल पूरन ने डाइव लगाकर गेंद को रोकने की कोशिश की. उन्होंने गेंद को रोका लेकिन ऐसा लगा कि वो बाउंड्री को छू चुके थे.

बस यही समझने की गलती तिलक और अक्षर कर गए. दोनों ने पहला रन तो तेजी से पूरा किया लेकिन दूसरे रन के लिए बीच में रुक गए. उन्होंने यही समझा कि चौका जा चुका है और फिर आराम से चलते-चलते अपनी क्रीज की ओर गए. वहीं फील्डर ने गेंद विकेटकीपर के पास फेंकी, जिन्होंने रन आउट के लिए स्टंप गिरा दिया और फिर तुरंत गेंदबाज के पास गेंद फेंक दी. गेंदबाज गुडाकेश मोती ने भी गेंद को स्टंप पर मार दिया, जबकि तिलक वर्मा उस वक्त क्रीज से बहुत दूर थे.

Axar and Tilak have just recreated that infamous Azhar Ali-Asad Shafiq run-out against Australia in the UAE.

One of the most embarrassing ways to get run out😂 Absolutely shocking game awareness. https://t.co/IytH5YPgiK

— Pavilion Post (@CricinsightsX) October 11, 2026

तिलक को लापरवाही पड़ गई भारी

हुआ ये कि विकेटकीपर शे होप और फिर गुडाकेश मोती ने भी सिर्फ औपचारिकता के लिए ऐसा किया था क्योंकि उन्होंने भी इसे चौका मान लिया था. मगर जैसे ही थर्ड अंपायर ने बाउंड्री चेक की तो दिखा कि फील्डर ने गेंद को सही से रोक लिया था और ये चौका नहीं था. ऐसे में फिर वेस्टइंडीज ने रन आउट की अपील की और यहां पर लापरवाही और बचकानी गलती सामने आई क्योंकि अंपायर ने इसे चौका नहीं दिया था.

पहले अक्षर पटेल का रन आउट देखा गया लेकिन वो क्रीज के अंदर पहुंच गए थे. फिर गेंदबाज के छोर का रिप्ले देखा गया और यहां साफ हो गया कि तिलक रन आउट हैं. भारतीय बल्लेबाज आराम से चलते हुए क्रीज की ओर बढ़ रहे थे लेकिन जब मोती ने रन आउट किया, तब वो 2-3 मीटर दूर थे. इसलिए उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा. तिलक ने 16 गेंदों में 28 रन बनाए.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button