world-news

नेपाल में फिर कुदरत का खौफनाक रूप! बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़, बह गए कई लोग!

October 11, 2026

नेपाल में फिर कुदरत का खौफनाक रूप! बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़, बह गए कई लोग!

Time Published: Sunday, October 11, 2026, 12:45 [IST]

Nepal Flash Flood: नेपाल में दो महीने पहले आई भयानक बाढ़ की तबाही से लोग अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि एक बार फिर कुदरत ने अपना खौफनाक रूप दिखाया है। रविवार की सुबह जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक नदी में पानी का बहाव तेज होने लगा। कुछ ही देर में हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को अपना सामान समेटने तक का मौका नहीं मिला।

कई परिवार जान बचाने के लिए घर छोड़कर ऊंचे स्थानों की ओर भागने लगे। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें नदी में अचानक उमड़ता सैलाब दिखाई दे रहा है। पानी की तेज लहरों ने कई मकानों और एक पुल को अपनी चपेट में ले लिया। इस आपदा में चार लोगों के लापता होने की खबर है।

Nepal Flash Flood
File Photo

गोरखा जिले में अचानक आई बाढ़

नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि आसपास के गांवों में पानी घुस गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगा था। इसके बाद लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

ये भी पढ़ें: Nepal Flood: एक ही घर से मिले 24 शव, बच्ची को सीने से चिपकाए मिली मां की लाश, रूला देगा दिल दहलाने वाला मंजर!

अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी गोरखा के कई इलाकों में 35 से ज्यादा मकान बाढ़ के पानी में बह गए हैं। चार लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

तीन गांवों में भारी तबाही

'काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड संख्या तीन के अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ से सल्लेरी, पायूका और जगत गांवों को भारी नुकसान पहुंचा है।

इन गांवों में नदी किनारे बने कई मकान पानी के तेज बहाव में बह गए। इसके अलावा वार्ड को जोड़ने वाला एक पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया। पुल बहने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रभावित इलाकों में नुकसान की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को नुकसान

बाढ़ का असर गंडकी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर भी पड़ा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पानी के तेज बहाव में परियोजना के कुछ उपकरण बह गए हैं। हालांकि, परियोजना को कुल कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

आखिर अचानक कैसे आया सैलाब?

बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक इतना पानी आने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने ऊपरी इलाकों में नदी का बहाव रुकने की आशंका जताई है। रिपोर्टों के मुताबिक, ऊंचाई वाले इलाके में स्यार नदी का पानी किसी रुकावट के कारण जमा होने लगा था। इससे वहां अस्थायी झील बनने की संभावना जताई गई है।

स्थानीय लोगों को संदेह है कि चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी स्यार का रास्ता बंद हो गया होगा। इसके बाद जमा हुआ पानी अचानक तेज बहाव के साथ नीचे आया होगा। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इस कारण की पुष्टि नहीं की है।

भूस्खलन की भी आशंका

'काठमांडू पोस्ट' के अनुसार, गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती खबरों में सिउरीबास के ऊपरी इलाके में भूस्खलन होने की जानकारी मिली है। आशंका है कि भूस्खलन के कारण नदी का बहाव कुछ समय के लिए रुक गया होगा। इसके बाद पानी का दबाव बढ़ने से अचानक बाढ़ आ गई होगी। मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

'भोटेकोशी की बाढ़ याद आ गई'

समाचार पोर्टल 'ऑनलाइन खबर' के मुताबिक, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग ने इस घटना की तुलना रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से की है। उन्होंने कहा, ''बूढ़ी गंडकी में आई बाढ़ ने भोटेकोशी की बाढ़ की याद दिला दी। इसमें दर्जनों मकान बह गए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन करना संभव नहीं है।''

लक्ष्मी गुरुंग के मुताबिक, बाढ़ से प्रभावित इलाकों में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन पूरी जानकारी मिलने के बाद ही इसकी सही तस्वीर सामने आएगी।

अगस्त में बाढ़ से मची थी तबाही

नेपाल में इससे पहले 26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदियों में भीषण बाढ़ आने की खबर सामने आई थी। उपलब्ध कराई गई रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उस आपदा में कम से कम 1455 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा पांच हजार से ज्यादा लोग लापता बताए गए थे, जिनकी तलाश जारी होने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अब गोरखा जिले में अचानक आई नई बाढ़ ने एक बार फिर नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित गांवों से नुकसान की जानकारी जुटाने के साथ लापता लोगों की तलाश में लगा है।

ये भी पढ़ें: नेपाल में जिंदगी की जंग, 12 हाइड्रोपावर टनल में फंसी सांसें, 900 मजदूर लापता! सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी