यूएई से इस्राइल जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पायलट पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया और विमान अचानक तेजी से नीचे जाने लगा। इस दौरान यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू किया और विमान को संभालने में मदद की।
इस घटना के बाद विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की। घटना में अहम भूमिका निभाने वाले यात्री यानिव हयून ने बुधवार को तेल अवीव एयरपोर्ट पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की।
विज्ञापन
खून से सने कपड़ों में नेतन्याहू से मिले यात्री
नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से जारी वीडियो में प्रधानमंत्री यानिव हयून को गले लगाते और उन्हें ‘हीरो’ बताते नजर आए। मुलाकात के दौरान हयून ने खून से सनी शर्ट पहनी हुई थी। हयून ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि एक पायलट पर हमला हुआ है, तो उन्होंने अन्य यात्रियों के साथ मिलकर कॉकपिट में पहुंचने की कोशिश की। घायल पायलट कॉकपिट के दरवाजे से दबा हुआ था, जिससे अंदर जाना मुश्किल हो रहा था।
विज्ञापन
יניב, אתה גיבור אמיתי. אנחנו עם של אריות! pic.twitter.com/55AgmAvzIG
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) September 30, 2026
कॉकपिट में पहुंचते ही देखा खौफनाक मंजर
हयून के मुताबिक, जब वह कॉकपिट के अंदर पहुंचे तो पायलट अपनी सीटों पर नहीं थे। एक पायलट जमीन पर था, जबकि दूसरा पैनल पर था। उन्होंने बताया कि कथित हमलावर विमान के नियंत्रण से जुड़े उपकरणों के पास था और ऐसा लग रहा था कि वह विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। हयून ने हमलावर को पीछे से पकड़कर काबू किया और उसे कॉकपिट के नियंत्रण वाले हिस्से से दूर खींच लिया। इसके बाद उन्होंने विमान को दोबारा नियंत्रण में लाने में मदद की।
'मैं एयर क्रैश इन्वेस्टिगेशन देखता हूं'
सबसे दिलचस्प बात तब सामने आई, जब नेतन्याहू ने हयून से पूछा कि उन्हें विमान के नियंत्रण को संभालने के बारे में कैसे पता था। हयून ने जवाब दिया "मैं एयर क्रैश इन्वेस्टिगेशन देखता हूं, मिस्टर प्रधानमंत्री" उन्होंने बताया कि पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई। हयून के अनुसार, उस वक्त विमान का अगला हिस्सा नीचे की ओर जा रहा था और उन्हें लगा कि अगर विमान इस्राइली हवाई क्षेत्र में पहुंच जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
एक मिनट में विमान ने खोई आधी ऊंचाई
घटना यूएई से इस्राइल जा रही फ्लाईदुबई उड़ान में हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, एक पायलट ने दूसरे पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया और इसके बाद विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इस दौरान विमान ने करीब एक मिनट में अपनी लगभग आधी ऊंचाई खो दी। यात्रियों और चालक दल के एक सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर कथित हमलावर को काबू किया, जबकि अन्य क्रू सदस्यों ने विमान का नियंत्रण संभाला। बाद में विमान का रुख सऊदी अरब की ओर मोड़ा गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
नेतन्याहू ने कहा- आपने कई लोगों की जान बचाई
हयून से मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने उनके साहस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हयून ने सिर्फ विमान में मौजूद यात्रियों की ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों की भी जान बचाई। घटना के पीछे कथित हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। यह घटना 7 अक्तूबर 2023 को हुए हमास हमले की बरसी से कुछ दिन पहले हुई है, जिसके बाद गाजा में युद्ध शुरू हुआ था।