world-news

बैंकों में शनिवार की छुट्टी पर बढ़ा घमासान! केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को दिया बड़ा झटका, क्या कहा?

September 25, 2026

बैंकों में शनिवार की छुट्टी पर बढ़ा घमासान! केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को दिया बड़ा झटका, क्या कहा?

Time Published: Friday, September 25, 2026, 19:25 [IST]

5-Day Banking Week Row: बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही पांच दिन के वर्किंग वीक की मांग एक बार फिर चर्चा में है। इस मुद्दे पर सरकार और बैंक यूनियनों के दावों में अंतर सामने आया है। बैंक यूनियनों का कहना है कि सभी शनिवार को छुट्टी देने पर पहले सहमति बन चुकी थी, जबकि वित्त मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा है कि सरकार ने ऐसा कोई वादा नहीं किया था।

यह बयान ऐसे समय आया है जब यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल से पहले सरकार ने 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को खोलने का निर्देश दिया है।

5-Day Banking Week Row

5 दिन के वर्किंग वीक पर क्या है विवाद?

वित्त मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा कि सरकार ने बैंकों में पांच दिन का कार्य-सप्ताह लागू करने का कोई वादा नहीं किया था। सूत्र के मुताबिक, यह सरकार के साथ बातचीत का मुद्दा नहीं था और इस पर कोई समझौता भी नहीं हुआ था। मंत्रालय के सूत्र ने यह भी कहा कि यह मांग बैंक कर्मचारी यूनियनों की ओर से एकतरफा रखी गई थी।

ये भी पढ़ें: Bank Strike: इस महीने अकाउंट में 5 दिन पहले आ जाएगी सैलरी? बैंक स्ट्राइक के बीच सरकार ने दिया बड़ा आदेश!

वहीं, बैंक यूनियनों का दावा इससे अलग है। उनका कहना है कि मार्च 2024 में हुए वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच सभी शनिवार को छुट्टी देने को लेकर सहमति बनी थी। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC) के जनरल सेक्रेटरी रूपम रॉय भी यह दावा कर चुके हैं।

फिलहाल बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। यूनियनों की मांग है कि इसे बढ़ाकर हर शनिवार किया जाए और बैंक सोमवार से शुक्रवार तक काम करें।

PLI स्कीम भी बना मुद्दा

बैंक यूनियनों और प्रबंधन के बीच परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को लेकर भी मतभेद हैं। वित्तीय सेवा विभाग ने 19 नवंबर 2024 को वरिष्ठ बैंक अधिकारियों के लिए संशोधित PLI स्कीम की जानकारी दी थी। यह व्यवस्था स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों पर लागू होती है।

इसमें अधिकारी के प्रदर्शन के आधार पर इंसेंटिव देने का प्रावधान है। इसके तहत प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 365 दिनों की बेसिक सैलरी के बराबर इंसेंटिव हासिल किया जा सकता है। बैंक यूनियनों ने इस बदली हुई व्यवस्था का भी विरोध किया है।

28 से 30 सितंबर तक हड़ताल

UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। पांच दिन के बैंकिंग वीक की मांग इस आंदोलन का प्रमुख मुद्दा है। हड़ताल का समय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 30 सितंबर को बैंकों का छमाही वित्तीय समापन होता है। सरकार ने हड़ताल के दौरान ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए पहले से तैयारी शुरू कर दी है।

27 सितंबर को रविवार को भी खुलेंगे बैंक

वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को सामान्य कामकाज करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक ने भी उस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की मंजूरी दी है। इसका मकसद हड़ताल शुरू होने से पहले ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है।

UFBU में ये संगठन शामिल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के सात संगठन शामिल हैं। इनमें ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC), नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज (NCBE), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA), बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI), इंडियन नेशनल बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन (INBEF) और इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस (INBOC) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Bank Holiday: इस शुक्रवार को बंद रहेंगे बैंक? 25 सितंबर की छुट्टी को लेकर RBI का क्या है निर्देश?