ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के न्यूयॉर्क पहुंचने से अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत की अटकलें तेज हो गई हैं. पेजेश्कियान आज संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क पहुंचेंगे. वह 23 सितंबर को UNGA में अपना संबोधन देंगे. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह पेजेश्कियान से मुलाकात के लिए ‘संभवतः तैयार’ हैं. हालांकि, अभी दोनों नेताओं की मुलाकात का कोई आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है.
ट्रंप ने ईरान को लेकर अपना रुख भी साफ रखा है. उन्होंने कहा है कि वह फिलहाल ‘निर्णय लेने के दौर’ में हैं और उनके सामने तीन रास्ते हैं. इनमें सैन्य कार्रवाई, ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाए रखना या फिर कोई समझौता करना शामिल है. ऐसे में पेजेश्कियान और ट्रंप की संभावित मुलाकात को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि दोनों देशों के बीच महीनों से जंग और तनाव जारी है.
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध पर ट्रंप को अपनों से झटका! मिड-टर्म से पहले रिपब्लिकन्स में बढ़ी बेचैनी
सम्बंधित ख़बरें
ईरान ने भी बातचीत के संकेत दिए
ईरानी राष्ट्रपति के न्यूयॉर्क दौरे से पहले तेहरान की तरफ से भी अमेरिका के साथ बातचीत की संभावना के संकेत मिले हैं. सोमवार को पेजेश्कियान ने ईरानी राजधानी तेहरान में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी. इस दौरान ईरान की तरफ से तनाव कम करने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की इच्छा का संकेत दिया गया.
हालांकि, दोनों देशों के बीच बातचीत की राह आसान नहीं है. ट्रंप ने ईरान पर कड़े आर्थिक और सैन्य दबाव की चेतावनी दी है. वहीं ईरान लगातार अमेरिकी कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी दे रहा है. ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी कहा है कि अगर अमेरिका ने नया हमला किया तो ईरान युद्ध में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और इसके भौगोलिक दायरे में बदलाव कर सकता है.
यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में ट्रंप की ममदानी से मुलाकात... ग्रेसी मैन्शन में एक घंटे चली बैठक, जानें क्या हुई बात
पेजेश्कियान के दौरे पर अमेरिका ने लगाई कई पाबंदियां
अमेरिका ने राष्ट्रपति पेजेश्कियान, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ईरान के वरिष्ठ राजनयिकों को UNGA में शामिल होने के लिए वीजा दिया है. हालांकि, ईरानी राष्ट्रपति की मीडिया और कम्युनिकेशन टीम के कुछ सदस्यों को वीजा नहीं दिया गया. इसके अलावा न्यूयॉर्क में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की आवाजाही पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं.
पेजेश्कियान UNGA के मंच से ईरान का पक्ष रखेंगे और इसके अलावा कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे. ऐसे में न्यूयॉर्क में ट्रंप और पेजेश्कियान एक ही जगह मौजूद होंगे, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि दोनों की आमने-सामने मुलाकात होगी या नहीं.
---- समाप्त ----
