नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और आंध प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक नयी पहचान बना रहा है।
गुजरात के छोटे से कस्बे वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 वां जन्मदिन मना रहे हैं।
राज्यसभा के सभापति राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत दुनिया में एक सशक्त अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘25 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। एक परिवर्तनकारी डिजिटल क्रांति ने लाखों लोगों को सशक्त बनाया है, और हर क्षेत्र… उल्लेखनीय प्रगति का गवाह बना है।’’
उपराष्ट्रपति ने रेखांकित किया कि पिछड़े जिलों को ‘आकांक्षी जिले’, सीमावर्ती गांवों को ‘वाइब्रेंट और फर्स्ट गांव’ और पूर्वोत्तर को ‘अष्टलक्ष्मी’ के रूप में संदर्भित करने का मोदी का दृष्टिकोण एक प्रगतिशील सोच को दर्शाता है।
राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘मैं आपके (मोदी) उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और निरंतर सामर्थ्य की प्रार्थना करता हूं ताकि आप मातृभूमि को ‘2047 तक विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में आगे ले जाते रहें।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।…गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र का मार्गदर्शन करने तक की आपकी यात्रा ने भारत की विकास गाथा को नई गति दी है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘‘सेवा, संकल्प और सुशासन’’ का दृष्टिकोण देश भर के लोगों को प्रेरित करता रहता है।
भाजपा की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह ‘सेवा’ शब्द का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, जिसे 2024 में ‘ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी’ में शामिल किया गया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘2024 से पहले, शब्दकोश में यह (सेवा) शब्द नहीं था, ठीक वैसे ही जैसे हमारी राजनीतिक संस्कृति में सेवा एक लक्ष्य नहीं थी। 2024 में, ऑक्सफोर्ड औपचारिक रूप से ‘सेवा’ को शब्दावली और शब्दकोश में लेकर आया। मैं करोड़ों भारतीयों और दुनिया भर के लोगों के साथ हमारे देश के प्रधानमंत्री और प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की आदरपूर्ण शुभकामनाएं देता हूं।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन