world-news

आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का बड़ा एक्शन, शहजाद भट्टी नेटवर्क को घोषित किया आतंकी संगठन

September 16, 2026

आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का बड़ा एक्शन, शहजाद भट्टी नेटवर्क को घोषित किया आतंकी संगठन

गृह मंत्री अमित शाहImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

केंद्र सरकार ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है और पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित बताए जा रहे शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकी संगठन घोषित कर दिया है. गृह मंत्रालय ने ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया. गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के यह जानकारी दी है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां पहले ही शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देश के कई राज्यों में बड़े स्तर पर कार्रवाई कर चुकी हैं.

गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाकर 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इस नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR और 200 से अधिक गिरफ्तारियां दर्ज की जा चुकी हैं. इस नेटवर्क पर सीमा पार हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है. साथ ही युवाओं और छोटे अपराधियों को भी आतंकवाद की ओर धकेलने का आरोप है.

IED से लेकर पाकिस्तान मार्किंग वाले ग्रेनेड तक बरामद

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए. एजेंसियों का दावा है कि इन बरामदगी से नेटवर्क के सीमा-पार कनेक्शन सामने आए हैं.

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों और टारगेट किलिंग से जुड़े होने का आरोप है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाकर निगरानी करता था.

Pursuing PM Shri @narendramodi Ji’s vision of zero tolerance against terror, the MHA declares the Shahzad Bhatti Network as a terrorist organisation under the UAPA.

The group is involved in smuggling of arms, explosives and narcotics across borders, apart from inciting youths

— गृहमंत्री कार्यालय, HMO India (@HMOIndia) September 16, 2026

14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई

बीते 12 अगस्त के ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इसके अलावा राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 लोगों को, जबकि कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 और तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया था. वहीं, दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गईं थीं. शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े मामलों में UAPA, बीएनएस, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

नेटवर्क की साजिश नाकाम

इससे पहले 17 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई कर ISI समर्थित बताए जा रहे इस नेटवर्क को ध्वस्त किया और 200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार कर संभावित विध्वंसक हमलों की साजिश नाकाम की. अब UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के बाद शहज़ाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का अगला चरण शुरू हो गया है.

ये भी पढ़ें: गुंडा एक्ट लगाने में एक गलती अब यूपी के अफसरों को पड़ेगी भारी, हाई कोर्ट बोला- सैलरी से वसूलेंगे जुर्माना

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button