पूर्वजों का आशीर्वाद और बिहार का दर्शन! गयाजी में पिंडदान के साथ राजगीर-नालंदा घूमने का खास मौका!
Published: Monday, September 14, 2026, 21:55 [IST]
Gaya Pitru Paksha Mela 2026: पितृपक्ष के दौरान गयाजी में पिंडदान करने की इच्छा रखने वालों के लिए इस बार यात्रा की प्लानिंग आसान हो सकती है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने श्रद्धालुओं के लिए कई पैकेज तैयार किए हैं, जिनमें पिंडदान से लेकर रहने, खाने और आने-जाने तक की व्यवस्था शामिल है। यानी श्रद्धालुओं को अलग-अलग चीजों की बुकिंग के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी।
बजट के हिसाब से एक दिन और दो दिन के विकल्प चुने जा सकते हैं। कुछ पैकेज में गयाजी के साथ राजगीर और नालंदा घूमने का मौका भी मिलेगा। वहीं, जो लोग गयाजी नहीं पहुंच सकते, वे घर बैठे ई-पिंडदान की सुविधा ले सकेंगे। इस साल गयाजी में पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
कितने रुपये से शुरू होगा पैकेज?
अगर आपका प्लान केवल गयाजी जाकर पिंडदान करने का है और घूमने-फिरने के लिए अतिरिक्त समय नहीं है, तो इसके लिए अलग पैकेज उपलब्ध है। इसमें गयाजी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या आसपास के 15 किलोमीटर के इलाके से पिकअप और वापस छोड़ने की सुविधा रहेगी। फल्गु नदी पर तर्पण के अलावा विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान कराया जाएगा। पंडा-पुजारी की सेवा, पूजा का सामान, पिंडदान शुल्क, ठहरने की व्यवस्था और शाकाहारी लंच भी पैकेज में शामिल रहेगा। इसकी कीमत 11,250 रुपये से 25,250 रुपये तक है।
ये भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी को क्यों कहते हैं 'कलंक चतुर्थी'? चंद्रमा का दर्शन क्यों है मना? जानें श्रीकृष्ण से जुड़ी कथा
पटना से आने वालों के लिए भी इंतजाम
जो श्रद्धालु पटना से गयाजी जाना चाहते हैं, उनके लिए एक दिन का पैकेज रखा गया है। पटना रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या शहर के करीब 10 किलोमीटर के दायरे से वाहन की सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं को कार से गयाजी ले जाया जाएगा और पिंडदान की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद वापस पटना छोड़ा जाएगा। इस पैकेज में पुनपुन घाट पर पिंडदान के साथ गयाजी में फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर धार्मिक कर्मकांड शामिल हैं।
रहने के लिए बजट एसी से लेकर थ्री स्टार होटल तक विकल्प दिए गए हैं। शाकाहारी दोपहर का भोजन भी मिलेगा। यात्रियों की संख्या और होटल के अनुसार खर्च 14,550 रुपये से 30,650 रुपये तक होगा।
दो दिन की यात्रा में राजगीर-नालंदा भी
अगर आप पिंडदान के साथ बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को भी देखना चाहते हैं, तो दो दिन वाला पैकेज आपके लिए उपयोगी हो सकता है। इसमें पटना से पिकअप और ड्रॉप, पुनपुन घाट और गयाजी में पिंडदान, पूजा सामग्री और होटल में ठहरने की सुविधा रहेगी। नाश्ते के साथ दोपहर और रात का खाना भी पैकेज में शामिल है।
यात्रा के दूसरे हिस्से में राजगीर का विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेष दिखाए जाएंगे। हालांकि इन जगहों पर लगने वाली एंट्री फीस पैकेज में शामिल नहीं है। इस विकल्प की कीमत 18,850 रुपये से 40,700 रुपये तक रखी गई है।
रात या सुबह के समय कर्मकांड करने वालों के लिए विकल्प
हर श्रद्धालु दिन के सामान्य समय पर पिंडदान नहीं करता। कई लोग अपनी धार्मिक मान्यता और तय समय के अनुसार सुबह, शाम या देर रात कर्मकांड कराना पसंद करते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं के लिए भी एक अलग एक रात और दो दिन का पैकेज रखा गया है। इसमें गयाजी स्टेशन, एयरपोर्ट या पूजा स्थल से पिकअप-ड्रॉप, कार और होटल में रुकने की व्यवस्था मिलेगी। पैकेज में शाकाहारी लंच और डिनर के अलावा फल्गु नदी पर तर्पण, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान शामिल रहेगा। इसके लिए 16,000 रुपये से 39,500 रुपये तक खर्च करना होगा।
गयाजी के साथ घूमने का एक और पैकेज
पर्यटन निगम ने ऐसा एक और विकल्प दिया है जिसमें श्रद्धालु पिंडदान के बाद राजगीर और नालंदा की यात्रा कर सकते हैं। यह भी दो दिन का पैकेज है। गयाजी रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट के अलावा 15 किलोमीटर के दायरे से पिकअप की सुविधा मिलेगी। इसमें यात्रा, पिंडदान से जुड़ी सेवाएं, पूजा सामग्री, होटल और भोजन शामिल हैं। राजगीर में विश्व शांति स्तूप और नालंदा में प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। यहां भी पर्यटन स्थलों के टिकट अलग से देने होंगे। इस पैकेज की कीमत 16,550 रुपये से 32,850 रुपये है।
गयाजी नहीं आ पाए तो ऑनलाइन करा सकेंगे पिंडदान
किसी वजह से गया पहुंचना संभव नहीं है तो भी श्रद्धालु पितरों के लिए पिंडदान करा सकते हैं। इसके लिए पर्यटन निगम ने ई-पिंडदान पैकेज रखा है। इसकी कीमत 23,000 रुपये, GST समेत है। इसके तहत विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट और फल्गु नदी पर पिंडदान या तर्पण की व्यवस्था की जाएगी। इसमें पंडित-पुजारी की सेवा, पूजा सामग्री और दक्षिणा शामिल है। खास बात यह है कि पूरे अनुष्ठान की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी और बाद में उसकी पेन ड्राइव श्रद्धालु को दी जाएगी।
बुकिंग के लिए कहां करें संपर्क?
पितृपक्ष मेले के दौरान इन पैकेजों का लाभ लेने के लिए श्रद्धालु बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने 2 मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। ये नंबर हैं- 8544418408 और 8294307690; पैकेज, उपलब्धता और बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए इन नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2026: क्यों बप्पा को नहीं चढ़ाई जाती तुलसी दल? जानें इसके पीछे छिपा भयंकर श्राप!