world-news

'मुझे मेरा पति चाहिए'... सुहाग को ढूंढते हुए दुबई से सतना पहुंची महिला; लगाई इंसाफ की गुहार

September 5, 2026

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक हैरान कर देने वाला अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां प्यार और हक की खातिर एक महिला सरहदें लांघकर दुबई से सीधे सतना पहुंच गई. 23 साल से दुबई में रह रही असविंदर कौर अपने पति सुनील ठाकुर की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं. पीड़ित महिला का आरोप है कि उसका पति उसे बताए बिना दुबई से भारत भाग आया है और उसे सतना में अपनी बहन व मां के घर छुपाकर रखा गया है. महिला ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत सतना के महिला थाने में दर्ज कराई है और मध्य प्रदेश पुलिस से अपने पति को ढूंढने व इंसाफ दिलाने की भावुक अपील की है.

पीड़ित असविंदर कौर ने अपनी आपबीती बताते हुए खुलासा किया कि वह दुबई में नौकरी करती हैं और बीते 23 वर्षों से वहीं रह रही हैं. सुनील ठाकुर के साथ वह नवंबर 2020 से दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं. इसके बाद दोनों ने बीते वर्ष 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के सिविल सेंटर स्थित एक गुरुद्वारे में पूरे रीति-रिवाज, रिश्तेदारों और परिजनों की मौजूदगी में कानूनी रूप से विवाह किया था.

पति के लिए सड़कों पर भटक रही महिला

असविंदर के मुताबिक, सुनील उनसे उम्र में 12 साल छोटे हैं. उन्होंने अपनी पहली शादी और तलाक से जुड़ी सभी जानकारियां अपने पति और ससुराल वालों को पहले ही दे दी थीं. इसके बावजूद सुनील ने उनसे शादी की थी. शादी के बाद दोनों दुबई में साथ रह रहे थे और सुनील 31 जुलाई तक उनके साथ ही था लेकिन इसके बाद वह अचानक बिना बताए अपनी मां सुनीता रोड़ा के साथ भारत आ गया और मैं उन्हें जबलपुर तथा सतना की सड़कों पर दर-दर ढूंढ रही हूं.

सतना पहुंची असविंदर कौर का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनके पति और सास सतना में सुनील की बहन के घर पर ठहरे हुए हैं. महिला का गंभीर आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके पति को जबरदस्ती छिपाकर रखा है और उनसे कोई संपर्क नहीं होने दे रहे हैं. उनसे यह भी कहा जा रहा है कि उनका पति अब उनके साथ नहीं रहना चाहता. पीड़िता ने रुंधे गले से कहा, मैं एक लीगल वेडेड वाइफ हूं. अपने पति को ढूंढते-ढूंढते दुबई से यहां तक पहुंची हूं और सतना की सड़कों पर दर-दर की ठोकरें खा रही हूं, जो भी मेरी मदद कर सकता है कृपया करें.

पुलिस से की भावुक अपील

इस पूरे अजब-गजब मामले पर सतना के डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि दुबई से एक महिला सतना आई है, जिसने अपने पति के गुमशुदा या संपर्क में न होने की बात बताई है. महिला का कहना है कि उसका पति सतना में अपनी बहन के घर आया हुआ है. डीएसपी मनोज दीक्षित के अनुसार, महिला कोई दंडात्मक या कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती, बल्कि केवल अपने पति को ढूंढकर उससे मिलना चाहती है. इसी आधार पर पुलिस मामले को ध्यान में रखते हुए महिला के पति की तलाश कर रही है और मध्य प्रदेश शासन व पुलिस से पीड़िता को न्याय की उम्मीद है.

ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

असविंदर कौर ने कहा, ​मैं इस समय बहुत परेशान हूं और सतना में जगह-जगह भटक रही हूं, पर मुझे नहीं पता कि वे लोग शहर में कहां छिपे हैं. अगर किसी के पास भी उनके बारे में कोई जानकारी है, तो कृपया मेरी मदद करें. मैंने कानूनी रीति-रिवाज से शादी की है और मैं अपने हक के लिए यहां तक आई हूं. मुझे मध्य प्रदेश सरकार और राज्य पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है कि वे इस मामले में निष्पक्ष निर्णय लेंगे और मुझे जल्द से जल्द न्याय दिलाएंगे.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button