entertainment

आपके जैसा कोई नहीं... असरानी को याद कर इमोशनल हुए अक्षय कुमार, आखिरी फिल्म हैवान से शेयर किए सीन

September 4, 2026

Asrani Farewell Movie: फिल्म इंडस्ट्री में कुछ कलाकार ऐसे रहे जिन्होंने ना सिर्फ दर्शकों का एंटरटेनमेंट किया बल्कि वे दर्शकों के जीवन का हिस्सा बन गए. आम इंसान आम से दिखने वाले किरदारों के साथ जुड़ना पसंद करता है. असरानी भी ऐसे ही थे. उन्होंने अधिकतर चरित्र किरदार प्ले किए और उन किरदारों में अपने ह्यूमर से और जीवंत करते चले गए. कभी कोई शख्स अगर खाली समय में उदास या अकेले महसूस करता है तो आज भी असरानी के सीन्स उसके चेहरे में मुस्कुराहट ला देते हैं और किसी को भी हंसने पर मजबूर कर सकते हैं. ये एक दमदार कलाकार की निशानी होती है. असरानी ऐसा लंबे वक्त से करते आए. मगर अफसोस कि अब वे इस दुनिया में नहीं रहे.

एक्टर के जाने के बाद उनकी आखिरी फिल्म हैवान जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. असरानी के साथ अक्षय कुमार ने बाद के समय में कई फिल्में की. इस साल ही दोनों भूत बंगला फिल्म में नजर आए थे जो अच्छी चली थी. असरानी, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की तिगड़ी ही कमाल की थी. और इत्तेफाक से असरानी के जीवन की आखिरी फिल्म में भी ये तिगड़ी शामिल है. ऐसे में अब अक्षय कुमार ने लेजेंड्री एक्टर को याद किया है और हैवान की रिलीज से पहले उनकी एक क्लिप भी शेयर की है.

क्लिप में असरानी और शारिब हाशमी का किरदार आपस में बात करते नजर आ रहे हैं. दोनों के बीच के कॉमिक संवाद फैंस भी पसंद कर रहे हैं और इसपर रिएक्ट कर रहे हैं. छोटी सी क्लिप हंसाने वाली तो है ही लेकिन साथ ही इसे देख फैंस असरानी को लेकर भावुक नजर आ रहे हैं. खुद अक्षय कुमार ने ये वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- हमें ताज्जुब है कि हमें इस लीजेंड के साथ काम करने का मौका मिला और उनके जीवन के आखिरी शॉट को लाइव रिकॉर्ड होते देखने का भी मौका मिला. असरानी जा आप बहुत याद आएंगे. आपके जैसा कोई दूसरा नहीं हो सकता है.

ये भी पढ़ें- Munna Character Review: ये नया मुन्ना है मिर्जापुर द मूवी में दिव्येंदु के साथ नाइंसाफी हुई!

कई फिल्मों में असरानी-अक्षय ने साथ किया काम

हैवान की बात करें तो ये एक एक्शन-क्राइम-थ्रिलर फिल्म है. इस फिल्म में सैफ अली खान लीड रोल में नजर आएंगे वहीं इसमें अक्षय कुमार मुख्य विलेन की भूमिका में हैं. फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है. असरानी की बात करें तो बीते वर्ष 84 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था. असरानी और अक्षय कुमार की जोड़ी कमाल की रही. दोनों कलाकारों ने साथ में हेरा फेरी, आवारा पागल दीवाना, गरम मसाला, दीवाने हुए पागल, भागम भाग, वेलकम, भूल भुलैया, भूत बंगला और खट्टा मीठा जैसी फिल्मों में काम किया. हैवान की बात करें तो ये फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.

पुनीत उपाध्याय

पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.

Read More

google button