world-news

विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने छोड़ी भारतीय वायुसेना, अब प्राइवेट एयरलाइन में संभालेंगे नई जिम्मेदारी | abhinandan-varthaman-left-indian-air-force-joins-fly91-private-airline

September 3, 2026

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के चर्चित अधिकारी विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के करियर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना की नौकरी छोड़ दी है और अब वह निजी विमानन कंपनी Fly91 के साथ काम कर रहे हैं। हालांकि, न तो भारतीय वायुसेना और न ही अभिनंदन वर्धमान की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि अभिनंदन ने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना से विदाई ली। इसके बाद वह गोवा स्थित एयरलाइन Fly91 से जुड़े हैं। एयरलाइन ने भी उनके रोजगार और भूमिका से संबंधित जानकारी साझा करने से इनकार किया है।

बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद बने थे राष्ट्रीय नायक

अभिनंदन वर्धमान को 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद दुनिया भर में पहचान मिली थी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के प्रशिक्षण ठिकाने को निशाना बनाया था।

इसके अगले दिन भारत और पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों के बीच हवाई मुठभेड़ हुई। उस दौरान अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान के F-16 विमान को मार गिराया था। हालांकि, उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त होकर पाकिस्तान के क्षेत्र में जा गिरा और उन्हें पाकिस्तानी सेना ने पकड़ लिया।

करीब 60 घंटे बाद पाकिस्तान ने उन्हें भारत को सौंप दिया था। उनकी वापसी के बाद देशभर में उनका जोरदार स्वागत हुआ और वह भारतीय सैन्य इतिहास के चर्चित चेहरों में शामिल हो गए।

वीर चक्र से हुए सम्मानित

अभिनंदन वर्धमान को उनकी बहादुरी और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। वीर चक्र युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।

उनके सम्मान का संबंध 2019 की हवाई मुठभेड़ में प्रदर्शित साहस से था। उस समय उन्होंने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारतीय वायुसेना के मिशन को अंजाम दिया था।

अब निजी विमानन क्षेत्र में नई पारी

Fly91 ने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। गोवा स्थित इस एयरलाइन के संचालन केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं। वर्तमान में कंपनी के बेड़े में ATR 72-600 विमान शामिल हैं।

अगर अभिनंदन वर्धमान के Fly91 से जुड़ने की खबर की पुष्टि होती है, तो यह उनके करियर का एक नया अध्याय होगा। भारतीय वायुसेना में लंबी और चर्चित सेवा के बाद निजी विमानन क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल किस भूमिका में किया जाएगा, इस पर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।