entertainment

रोहित शर्मा लेकर आ रहे हैं 'फैमिली फुल हाउस', जानिए क्या होगा कॉन्सेप्ट और कौन होंगे खिलाड़ी?

September 1, 2026

रोहित शर्मा लेकर आ रहे हैं 'फैमिली फुल हाउस', जानिए क्या होगा कॉन्सेप्ट और कौन होंगे खिलाड़ी?

Sep 01, 2026 11:10 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Family Full House: ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर 'फैमिली फुल हाउस' नाम से एक नया रियलिटी शो शुरू होने जा रहा है जिसे लीजेंडरी क्रिकेटर रोहित शर्मा होस्ट करेंगे। 

Rohit Sharma

नए रियलिटी टीवी शो में रोहित शर्मा लेकर आने वाले हैं ऑडियंस के लिए क्या कुछ खास?

ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर एक नया रियलिटी शो शुरू होने वाला है, जिसका नाम होगा 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा'। अनाउंसमेंट के साथ ही यह शो चर्चा में आ गया है, जिसके पीछे एक-दो नहीं बल्कि कई वजहें हैं। पहली और सबसे बड़ी वजह तो यही है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस शो को होस्ट करने वाले हैं। दूसरी वजह यह है कि यह बिलकुल नई तरह का शो होने वाला है, जैसा भारतीय ऑडियंस ने अभी तक एक्सपीरियंस नहीं किया है। शो का नया प्रोमो वीडियो आज (मंगलवार) को जारी कर दिया गया है। तो चलिए जानते है इस शो के बारे में सब कुछ।

शो के नए प्रोमो वीडियो में क्या दिखाया?

शो के नए प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि रोहित शर्मा एक कैफे जैसी जगह पर बैठकर नए-नए लोगों (खिलाड़ियों) से बात कर रहे हैं। हर शख्स आकर उनसे उनका मशहूर गार्डन वाला डायलॉग बोलने को कह रहा है। मालूम हो कि एक मैच के दौरान रोहित शर्मा ने अपनी टीम से कहा था- "कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा"। यह डायलॉग स्टंप माइक पर रिकॉर्ड हो गया था और बाद में वायरल हो गया था। प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि फैंस और क्रू मेंबर्स लगातार रोहित से उनका वही वायरल 'गार्डन' वाला डायलॉग बोलने की जिद करते हैं।

रोहित शर्मा ने दिया शो के बारे में ये हिंट

प्रोमो वीडियो में रोहित शर्मा कहते हैं, "सिर्फ दो लाइनें बोली थीं जो इतनी वायरल हो गईं, जब उनका पूरा शो सामने आएगा तो पता नहीं क्या होगा।" रोहित शर्मा कहीं न कहीं हिंट देते दिख रहे हैं कि उनके शो में एंटरटेनमेंट की कोई कमी नहीं रहने वाली है। लेकिन एक सवाल जो ऑडियंस के दिमाग में घूम रहा है, वो यह है कि आखिर इस शो का कॉन्सेप्ट क्या होने वाला है? क्या यह भी 'बिग बॉस' और 'लॉकअप' की तरह होगा? जवाब है- नहीं। इस शो का कॉन्सेप्ट काफी अलग होगा।

क्या होगा 'फैमिली फुल हाउस' का कॉन्सेप्ट?

सोनी टीवी और सोनी लिव पर 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे इस शो को सोनी नेटवर्क की तरफ से एक अनस्क्रिप्टेड रियलिटी और 'फैमिली एंटरटेनर' शो के तौर पर लिस्ट किया है। इसका मकसद हर उम्र की ऑडियंस को एंटरटेन करना है। रोहित शर्मा इस शो के होस्ट होंगे और जहां तक कॉन्सेप्ट की बात है तो खबर है कि यह शो मशहूर अमेरिकी गेम शो 'फैमिली फ्यूड' का इंडियन वर्जन हो सकता है। जिसमें हर एपिसोड में दो परिवार मजेदार गेम खेलने के लिए आमने-सामने होंगे।