world-news

Duleep Trophy Semi-final 1: 7 छक्के, 7 चौके और 92 रन... वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी में उड़ाया गर्दा, पर ऐतिहासिक शतक से चूके

August 31, 2026

दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल नंबर-1 में ईस्ट जोन का सामना सेंट्रल जोन से हो रहा है. बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ग्राउंड-1 में जारी इस मुकाबले में सबकी निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर हैं. वैभव ने सोमवार (31 अगस्त) को ईस्ट जोन के लिए पहली पारी में शानदार बैटिंग की. वैभव ने 81 गेंदों पर 92 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और सात चौके शामिल रहे.

15 साल के वैभव सूर्यवंशी के पास अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक बनाने का मौका था, लेकिन स्पिनर हर्ष दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में वो अरशद खान के हाथों कैच आउट हो गए. वैभव यदि शतक बनाते तो वो दलीप ट्रॉफी के इतिहास के सबसे युवा सेंचुरियन बन जाते. फिलहाल ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 17 साल और 262 दिनों की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की थी.

वैभव सूर्यवंशी ने सिंगल लेकर अपना खाता खोला. फिर दूसरे ओवर में यश ठाकुर को दो चौके जड़कर उन्होंने मोमेंटम प्राप्त किया. इसके बाद तो वैभव ने पीछे मुड़कर नहीं दिखा और कमजोर गेंदों पर कड़े प्रहार किए. हालंकि 40 रनों के निजी स्कोर पर वैभव को जीवदान भी मिला, जब यश राठौड़ ने उनका आसान सा कैच टपका दिया. 

सम्बंधित ख़बरें

पारी के 15वें ओवर में स्पिनर सारांश जैन की गेंद पर छक्का लगाकर वैभव ने अपनी फिफ्टी पूरी की. दलीप ट्रॉफी में ये वैभव की पहली फिफ्टी है. उन्होंने इससे पहले नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी डेब्यू पर सिर्फ 8 रन बनाए थे.

मुकाबले में टॉस ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. सेंट्रल जोन की टीम पहली पारी में 266 रन ही बना सकी. रिंकू सिंह ने 8 चौके की मदद से 88 बॉल पर 60 रन बनाए. आर्यन जुयाल (46 रन) और यश ठाकुर (नाबाद 30 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिए. ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट चटकाए. वहीं मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनैन कुरैशी ने दो-दो विकेट झटके.

ईस्ट जोन की प्लेइंग इलेवन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), विराट सिंह, मोहम्मद कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, अभिजीत सरकार, मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार.

सेंट्रल जोन की प्लेइंग इलेवन: अमन मोखाड़े, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), कुणाल चंदेला, यश राठौड़, रजत पाटीदार (कप्तान), रिंकू सिंह, सारांश जैन, हर्ष दुबे, अरशद खान, यश ठाकुर और आर्यन पांडे.

---- समाप्त ----