ताशकंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में औपचारिक स्वागत किया गया। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया।
दिन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। इस दौरान दोनों नेता विकसित भारत 2047 और उज्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
रवाना होने से पहले जारी अपने बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी में काफी प्रगति हुई है। मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ अपनी बातचीत को लेकर उत्साहित हूं। हम व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा, ऊर्जा और विकसित भारत तथा यांगी उज्बेकिस्तान के साझा विजन को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।"
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान एक विशेष योग सत्र भी देखा, जिसमें उज्बेकिस्तान के 52 योग साधकों ने हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस योग सत्र की झलकियां अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर साझा कीं। वीडियो में उन्होंने कहा, "नमस्ते। आप सभी ने आज बहुत शानदार योग प्रदर्शन किया है। यहां हर उम्र के लोग मौजूद हैं। उज्बेकिस्तान को योग से जोड़ने के लिए मैं अपने मित्र राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।"
वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "उज्बेकिस्तान योग पसंद करता है!"
इस योग सत्र ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा में एक खास सांस्कृतिक रंग जोड़ा और यह भी दिखाया कि उज्बेकिस्तान में योग की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
सत्र में शामिल लोगों में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान के छह सदस्य भी थे, जिन्होंने जून 2026 में अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे थे। ताशकंद हवाई अड्डे पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का धन्यवाद भी किया।
ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने ताशकंद में मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके इस विशेष सम्मान के लिए मैं उनका आभारी हूं। यह मेरी उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और लगातार बढ़ती गति को दर्शाती है।"
उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। लोगों ने 'मोदी मोदी', 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
भारतीय समुदाय की कुछ महिलाओं ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें राखी भी बांधी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया।