
3172 छात्रों ने नहीं ली मार्कशीटImage Credit source: Getty Images
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) से पढ़ाई करने वाले हजारों विद्यार्थियों ने परीक्षा पास करने के बाद भी अपनी मार्कशीट नहीं ली है. संस्थान के अनुसार वर्ष 2018 से अब तक 3172 स्टूडेंट ऐसे हैं जिनकी मार्कशीट अभी तक उनके पास नहीं पहुंची हैं या उन्होंने उन्हें लेने में रुचि नहीं दिखाई. अधिकारियों के मुताबिक, इनमें बड़ी संख्या उन विद्यार्थियों की है जिन्होंने एक से अधिक संस्थानों से प्रवेश लेकर परीक्षा दी थी. बेहतर अंक आने वाले रिजल्ट की मार्कशीट रखने के कारण कई छात्र दूसरे मार्कशीट को लेने नहीं पहुंचे. कुछ विद्यार्थियों ने डुप्लीकेट मार्कशीट भी बनवा ली है.
बेहतर अंक वाले रिजल्ट को दी प्राथमिकता
NIOS के अधिकारियों के अनुसार पब्लिक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की मार्कशीट उनके अध्ययन केंद्र या संबंधित शिक्षण संस्थान से मिलती है. वहीं, ऑन डिमांड परीक्षा देने वाले छात्रों की मार्कशीट उनके पते पर भेजी जाती है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में स्टूडेंट अपनी ओरिजनल मार्कशीट प्राप्त नहीं कर रहे हैं.
अधिकारियों का कहना है कि कुछ विद्यार्थियों ने दो अलग-अलग संस्थानों में एडमिशन लेकर परीक्षा दी. दोनों जगह से रिजल्ट आने के बाद उन्होंने जिस परीक्षा में ज्यादा अंक हासिल किए उसी मार्कशीट को रखना पसंद किया. कम अंक वाले रिजल्ट की मार्कशीट लेने में उन्होंने दिलचस्पी नहीं दिखाई. कई छात्र अंक सुधारने की उम्मीद में दोबारा प्रवेश भी लेते हैं.
10 साल तक सुरक्षित रखी जाएंगी मार्कशीट
NIOS ऐसे विद्यार्थियों की लिस्ट तैयार कर रहा है, जिन्होंने वर्ष 2018 के बाद परीक्षा पास करने के बावजूद मार्कशीट नहीं ली है. संस्थान की ओर से मार्कशीट विद्यार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसके बावजूद कई मार्कशीट अब भी लंबित हैं. अधिकारियों के मुताबिक इन दस्तावेजों को करीब 10 साल तक सुरक्षित रखा जाएगा. इसके बाद नियमों के अनुसार इन्हें नष्ट किया जा सकता है. कुछ छात्रों ने ओरिजिनल मार्कशीट के बजाय डुप्लीकेट प्रति भी प्राप्त कर ली है.
सितंबर में होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
NIOS की कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 14 से 29 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी. परीक्षा विषयवार निर्धारित तारीखों पर अध्ययन केंद्रों में होगी. छात्रों को अपने बैच और परीक्षा की तारीख की जानकारी केंद्र अधीक्षक या समन्वयक से लेनी होगी. हॉल टिकट NIOS की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा. परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी. संस्थान ने कहा है कि निर्धारित परीक्षा तारीखों में बदलाव नहीं किया जाएगा.
कुछ अभ्यर्थियों का UPTET रिजल्ट रोका
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार को UPTET का परिणाम जारी कर दिया, लेकिन NIOS से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ODL) के जरिए 18 महीने का D.El.Ed करने वाले कुछ अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोक दिया गया है. मामले में हाईकोर्ट ने पहले सशर्त परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी थी. बाद में विशेष अपील पर सुनवाई के दौरान अदालत ने केवल उन अभ्यर्थियों को प्रोविजनल रूप से परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जो 31 मार्च 2015 या उससे पहले सेवा में थे.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More