world-news

हमारी सेना खुद सक्षम…विदेशी मदद की जरूरत नहीं, नेपाल ने भारत-चीन समेत कई देशों की रेस्क्यू टीमों को किया मना

August 28, 2026

काठमांडू (उत्तम हिन्दू न्यूज) : नेपाल में बुधवार को आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 469 हो गई है, जबकि करीब 1,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। भोटे कोशी-त्रिशूली कॉरिडोर के आसपास बाढ़ के पानी में बह गए या फंसे लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

आपदा के बाद भारत समेत कई देशों ने नेपाल को मदद की पेशकश की, लेकिन नेपाल सरकार ने फिलहाल विदेशी रेस्क्यू टीमों की मदद लेने से इनकार कर दिया है। नेपाल का कहना है कि उसकी अपनी सुरक्षा एजेंसियां राहत और बचाव अभियान को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री ने शुक्रवार को कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां खोज और बचाव अभियान में जुटी हैं। उन्होंने कहा, “मदद की पेशकश स्वाभाविक है। हमारी सुरक्षा एजेंसियां खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। फिलहाल हमें ऐसी विदेशी मदद की जरूरत नहीं है।”

नेपाली न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2015 में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान विदेशी रेस्क्यू टीमों से जुड़े अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस बार बाहरी देशों की रेस्क्यू टीमों को अनुमति नहीं देने का फैसला किया है। सरकार का मानना है कि नेपाली सुरक्षा बल मौजूदा हालात से निपटने में सक्षम हैं।

नेपाल के इस फैसले से पहले भारत के नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) के अलावा चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और बांग्लादेश ने राहत एवं बचाव टीम भेजने की पेशकश की थी। नेपाल ने इन प्रस्तावों को फिलहाल स्वीकार नहीं किया है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने ‘द काठमांडू पोस्ट’ को बताया कि चीन समेत कई देशों से मदद के अनुरोध प्राप्त हुए थे, लेकिन नेपाल को उन्हें अस्वीकार करना पड़ा।

नेपाल पुलिस के अनुसार, अब तक 469 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 1,545 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के मुताबिक करीब 1,000 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें 28 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

फिलहाल नेपाली सुरक्षा बल भोटे कोशी-त्रिशूली कॉरिडोर समेत प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश करने और बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की है।

You Might Be Interested In

  • पंजाब में फिर साथ आएंगे भाजपा-शिअद? सुखबीर बादल की सीआर पाटिल से मुलाकात, सीट बंटवारे पर नजर
  • दिल्ली में ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजे 8 भारतीय सिम
  • नीरज चोपड़ा डायमंड लीग के फाइनल में पहुंचे, अब ब्रुसेल्स में गोल्ड के लिए भिड़ेंगे दुनिया के टॉप-6 भाला फेंक खिलाड़ी
  • नेपाल त्रासदी : मृतकों का आंकड़ा 472 पहुंचा, 910 लोग लापता; 288 भारतीयों से संपर्क टूटा
  • प्रज्ञानानंद ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले बने पहले भारतीय; कारुआना को 15-13 से दी मात
  • दिल्ली : मुस्कान मर्डर केस का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल, पैर में लगी गोली; अस्पताल में कराया भर्ती