world-news

'मैं भूमिहार हूं',...कहकर ASI ने आर्मी जवान पर की फायरिंग: गाड़ी से शराब की बोतल मिली, गिरफ्तार; वैशाली में पुलिस की मदद करने पहुंचा था जवान - Hajipur (Vaishali) News

July 13, 2026

वैशाली में नशे की हालत में एक दरोगा ने आर्मी जवान पर फायरिंग कर दी। गोली जवान की बाईं आंख के पास से गुजर गई, जिससे उनकी आंख में हल्की चोट आई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

.

घायल जवान के मुताबिक, आरोपी दरोगा ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, "मैं भूमिहार हूं…।" इसके बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के वफापुर बानपुर गांव की है।

आरोपी दरोगा की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। दीपक कुमार फारबिसगंज में ASI के पद पर तैनात हैं। वहीं, घायल आर्मी जवान की पहचान रजनीश कुमार के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम गंगा सिंह है।

DSP गोपाल मंडल ने बताया कि आरोपी दरोगा नशे की हालत में था। फायरिंग उसकी सर्विस रिवॉल्वर से की गई। प्राथमिक जांच के बाद उसके खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें…

ASI के फायरिंग करने के बाद मौके पर ग्रामीण जुट गए और पुलिस जवानों को घेर लिया।

ASI के फायरिंग करने के बाद मौके पर ग्रामीण जुट गए और पुलिस जवानों को घेर लिया।

जांच के दौरान पुलिस को मौके से ASI की पिस्टल मिली। साथ ही गाड़ी से शराब की बोतलें भी बरामद की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मौके से ASI की पिस्टल मिली। साथ ही गाड़ी से शराब की बोतलें भी बरामद की गई।

जानिए पूरा मामला क्या है…

'मैं भूमिहार हूं', कहकर करने लगा गाली-गलौज

घायल आर्मी जवान रजनीश कुमार ने घटना को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे घना अंधेरा था। आरोपी दरोगा की कार गड्ढे में फंस गई थी, इसलिए वह सुबह होने का इंतजार कर रहा था।

इंसानियत के नाते उन्होंने आरोपी को अपने घर के बाहर बैठने के लिए एक कुर्सी दे दी। कुर्सी देने पर आरोपी दरोगा ने कहा, "अरे, मैं भूमिहार हूं... तुम मुझे बाहर बैठने के लिए कुर्सी दे रहे हो?"

इसके बाद वह शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। रजनीश का कहना है कि इन सबके बावजूद उन्होंने और उनके पिता ने धैर्य रखा और काफी मशक्कत के बाद उसकी कार गड्ढे से बाहर निकाल दी।

आर्मी जवान ने बताया कि कार निकालने के बाद उन्होंने आरोपी के सभी सामान व्यवस्थित कर दिए और उसे वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन इसी बात पर दरोगा भड़क गया।

पीछे से आया और कनपटी पर गोली मारने की कोशिश

रजनीश का आरोप है कि दरोगा पीछे से आया, उनका हाथ पकड़ लिया और दाहिने हाथ में मौजूद अपनी सर्विस रिवॉल्वर उनकी कनपटी पर सटा दी। इसके बाद उसने फायरिंग कर दी। हालांकि, धक्का-मुक्की के दौरान निशाना चूक गया।

गोली उनकी आंख के पास से गुजर गई, जिससे उन्हें चोट आई। आर्मी जवान का कहना है कि अगर धक्का-मुक्की नहीं होती तो गोली सीधे उनके सिर में लग सकती थी। उन्होंने इसे जान से मारने की कोशिश बताया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी दरोगा को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और हंगामा करने लगे।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और हंगामा करने लगे।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, आरोपी को दबोचा

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके हाथ से सर्विस रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद भगवानपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल आर्मी जवान रजनीश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने आरोपी दरोगा को हिरासत में ले लिया।

आरोपी निकला बिहार पुलिस का SI

घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL और DIU की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी का नाम दीपक कुमार है।

वह मूल रूप से जहानाबाद जिले का रहने वाला है और वर्तमान में अररिया जिले के फारबिसगंज थाना में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात है। वह थाना की अनुसंधान इकाई में कार्यरत है।

डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि के लिए आवश्यक जांच कराई जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।