world-news

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान: अटकलों को बताया 'आधारहीन', कहा- बातचीत जारी - Haribhoomi

July 13, 2026

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान: अटकलों को बताया 'आधारहीन', कहा- बातचीत जारी

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील में किसी भी गतिरोध की खबरों को सिरे से खारिज किया है। जानें क्या है व्यापार समझौते की ताजा स्थिति।

Piyush Goyal on India-US trade deal

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील में किसी भी गतिरोध की खबरों को सिरे से खारिज किया है।

  • Published: 13 Jul 2026, 03:57 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 03:57 PM IST

Piyush Goyal on India-US trade deal: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिनमें भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में गतिरोध होने का दावा किया गया था। पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी की रिपोर्ट को 'पूरी तरह झूठी, आधारहीन और भ्रामक' करार दिया है।

क्या है सरकार का पक्ष?
पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि दोनों देश एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि जून महीने में दिल्ली आए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर के साथ उनकी 'शानदार बैठकें' हुई थीं। गोयल ने कहा कि दोनों पक्ष एक ऐसे समझौते के लिए काम कर रहे हैं, जो व्यवसायों, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं के लिए ठोस लाभ लेकर आए। मंत्री ने पुष्टि की कि दोनों देशों की टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार जुटी हुई हैं।

Piyush Goyal on India-US trade deal

वाणिज्य सचिव ने दी विस्तृत जानकारी
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी इस विषय पर स्थिति स्पष्ट की है। जून 2026 के व्यापार डेटा पर मीडिया को ब्रीफिंग देते हुए उन्होंने कहा कि समझौते को अंतिम रूप देने में कोई बाधा नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि मई में भारतीय टीम ने अमेरिका का दौरा किया था और जून में अमेरिकी टीम दिल्ली आई थी। सचिव के अनुसार, बातचीत एक उचित ढांचे के भीतर चल रही है और सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

'डील का फ्रेमवर्क तैयार, सही समय का इंतजार'
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने ट्रेड डील की वर्तमान स्थिति पर कहा कि समझौते का फ्रेमवर्क पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इस डील पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार है और बस सही समय की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा, "चीजें व्यवस्थित हो रही हैं और हम अच्छी प्रगति कर रहे हैं।"

वैश्विक व्यापारिक माहौल पर चर्चा करते हुए सचिव ने कहा कि अमेरिका की टैरिफ कार्रवाइयों ने कई साझेदारों के लिए अनिश्चितता पैदा की है, लेकिन भारत उन चर्चाओं का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार का प्रवाह स्थिर बना हुआ है। इसके अलावा, उन्होंने दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग (Energy Cooperation) को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि अमेरिका से ऊर्जा आयात को लेकर सकारात्मक काम हो रहा है।