world-news

मां की आंखें तकती रही राह... मासूम हो गया सड़क हादसे का शिकार, स्कूल से घर लौटते वक्त ट्रक ने कुचला

August 24, 2026

Jabalpur News: एक मां घर की चौखट पर आंखें बिछाए बैठी थी. रसोई में खाना गरम था और दिल में उम्मीद थी कि अभी स्कूल की घंटी बजते ही 11 साल का मासूम असीम रजा दौड़ता हुआ आएगा और कहेगा कि मां बहुत जोर से भूख लगी है, खाना दे दो. लेकिन मां के उस इंतजार का अंत कभी न मिटने वाले दर्द में बदल गया. जिस मासूम को कुछ देर में घर लौटकर मां के गले लगना था, वह सड़क की बेदर्दी और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार होकर हमेशा के लिए खामोश हो गया.

दरअसल, यह पूरी घटना जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित मंसूराबाद इलाके की है. गाजी मियां दरगाह और मुन्ना होटल के सामने दोपहर बाद रोजाना की तरह भारी ट्रैफिक था. 11 वर्षीय स्कूली छात्र असीम रजा अपनी कक्षा खत्म कर मासूम सपनों के साथ पैदल घर लौट रहा था. वह मुन्ना होटल के सामने से एक कटे हुए डिवाइडर से सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी गोहलपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक ऊपर से गुजर गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम असीम को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

सड़क पार करते समय ट्रक ने कुचला

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि गाड़ियों के अनियंत्रित रेले और भारी ट्रैफिक के बीच किस तरह मासूम सड़क पार कर रहा था और पलक झपकते ही काल की गाल में समा गया. घटना के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा. सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी रींतेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भिजवाया.

लोगों में भारी गुस्सा

सिग्नल बंद, सड़कों पर गड्ढे और अतिक्रमण का तांडव मासूम की मौत ने जबलपुर की लचर ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोगों का आरोप है कि गोहलपुर से रद्दी चौकी और आधारताल तक का पूरा मार्ग लंबे समय से खूनी प्वाइंट बना हुआ है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस सिग्नल को हादसों को रोकने के लिए लगाया गया था, वह लंबे समय से बंद पड़ा था. हैरानी की बात यह है कि मासूम की मौत के ठीक बाद पुलिस-प्रशासन ने हड़बड़ी में सिग्नल को चालू करवाया. सड़क किनारे अवैध दुकानों का कब्जा है और जगह-जगह गड्ढे हैं. डिवाइडर कई जगहों से अवैध रूप से खुले पड़े हैं, जिससे हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है.

गुस्साए लोगों ने आंदोलन की दी धमकी

वहीं, घटना के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है स्थानीय लोगों का कहना है कि अल्टीमेटम घटना से आक्रोशित स्थानीय अधिवक्ता परवेज अख्तर ने ट्रैफिक और निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि अगर एक हफ्ते के भीतर गोहलपुर-आधारताल मार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधारी गई, खुले डिवाइडर बंद नहीं किए गए और अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

पूरी घटना को लेकर गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे का कहना है कि घटना के बाद मासूम बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया है. इसके साथ ही ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ गंभीर धाराओ में मामला दर्ज किया गया है.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button