Adarsh Baal Vidyalaya Trailer: अगर आपको स्कूल के दिन, क्लासरूम की शरारतें, टीचर्स की डांट और दोस्तों के साथ बिताए पल याद आते हैं, तो यह नई सीरीज आपको उसी दुनिया में ले जाने वाली है। लेकिन इस स्कूल की कहानी बिल्कुल अलग है। यहां न सब कुछ नियमों के हिसाब से चलता है और न ही हर किरदार परफेक्ट है। फिर भी एक हेडमास्टर अपनी समझदारी और अनोखे अंदाज से हर चुनौती का सामना करता नजर आता है। हाल ही में 'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसने कॉमेडी और इमोशन से भरपूर कहानी की झलक दिखाकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। तो चलिए जानते हैं इस नए सीरीज के बारे में।
ट्रेलर में दिखी स्कूल की मजेदार दुनिया
'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर एक ऐसे स्कूल की झलक दिखाता है, जहां हर दिन नई चुनौती और नया हंगामा देखने को मिलता है। कहानी के केंद्र में ज्ञानेश्वर त्रिपाठी हैं, जो अपनी समझदारी और अलग अंदाज से स्कूल को संभालने की कोशिश करते हैं। लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के हेडमास्टर्स को कैम्ब्रिज में ट्रेनिंग का मौका मिलेगा, तब वह अपने स्कूल को टॉप स्कूलों की सूची में शामिल कराने की पूरी कोशिश में जुट जाते हैं।
स्कूल की यादों से जुड़ती है ये कहानी
निर्देशक हिमांक गौर का कहना है कि 'आदर्श बाल विद्यालय' सिर्फ एक स्कूल की कहानी नहीं, बल्कि उन यादों का सफर है, जिससे हर कोई खुद को जोड़ पाएगा। दोस्ती, शरारतें, टीचर्स और स्कूल की रोजमर्रा की बातें इस सीरीज को खास बनाती हैं। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने इसे दिल से बनाया है और उन्हें उम्मीद है कि हर उम्र के दर्शक इस कहानी का आनंद लेंगे।
हेडमास्टर के किरदार पर क्या बोले के के मेनन?
के के मेनन ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन हेडमास्टर की भूमिका उनके लिए बिल्कुल नई रही। उनके मुताबिक, ज्ञानेश्वर त्रिपाठी एक ऐसा इंसान है जो परफेक्ट नहीं है, लेकिन अपनी समझदारी और अलग सोच से हर मुश्किल का हल निकालने की कोशिश करता है। यही बात इस किरदार को सबसे खास बनाती है।
अर्चना पूरन सिंह ने बताया क्यों है ये सीरीज खास
सीरीज में उर्मिला देवी का किरदार निभा रहीं अर्चना पूरन सिंह ने कहा कि उन्हें इसकी कहानी और किरदारों की सादगी काफी पसंद आई। उनके मुताबिक, उर्मिला एक आत्मविश्वासी और बेबाक महिला है, जिसे निभाने में उन्हें बहुत मजा आया। उन्होंने के के मेनन के साथ काम करने के अनुभव को भी शानदार बताया।
सीरीज में नजर आएंगे ये कलाकार
इस कॉमेडी-ड्रामा सीरीज में के के मेनन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजीतेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। सभी कलाकार अपनी अलग-अलग भूमिकाओं से कहानी को और दिलचस्प बनाते नजर आएंगे।
कब और कहां देख सकेंगे सीरीज?
'आदर्श बाल विद्यालय' का प्रीमियर प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
FAQ
Q.
'आदर्श बाल विद्यालय' किस बारे में है?
A.
यह एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो एक ऐसे स्कूल की कहानी दिखाती है जहां सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की चुनौतियों के बीच एक हेडमास्टर स्कूल को बेहतर बनाने की कोशिश करता है।
Q.
'आदर्श बाल विद्यालय' में के के मेनन किस किरदार में नजर आएंगे?
A.
के के मेनन सीरीज में ज्ञानेश्वर त्रिपाठी नाम के हेडमास्टर का किरदार निभा रहे हैं, जो अपने अनोखे अंदाज और समझदारी से हर चुनौती का सामना करते हैं।
Q.
'आदर्श बाल विद्यालय' में कौन-कौन से कलाकार हैं?
A.
सीरीज में के के मेनन के साथ अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजीतेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Q.
'आदर्श बाल विद्यालय' कब और कहां रिलीज होगी?
A.
यह सीरीज 24 जुलाई को प्राइम वीडियो पर हिंदी में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगी।
AlsoRead: लॉकअप 2 में वरुण यादव से भिड़ी दुबई की ये हसीना