Share Market vs Stock Market: क्या आप शेयर मार्केट और स्टॉक मार्केट का अंतर जानते हैं? जानिए दोनों में क्या फर्क है, इनके दायरे और फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स की पूरी जानकारी।
Share Market and Stock Market Difference: क्या आप शेयर मार्केट और स्टॉक मार्केट में अंतर जानते हैं? अक्सर लोग इन दोनों शब्दों को एक ही मान लेते हैं और इन्हें एक-दूसरे की जगह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इन दोनों के बीच एक छोटा सा फर्क है। दोनों भले ही आपस में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, लेकिन इनके मतलब और दायरे में अंतर होता है। तो चलिए बिल्कुल आसान तरीके से समझते हैं शेयर मार्केट और स्टॉक मार्केट में क्या अंतर है और ये किस तरह से काम करते हैं...
शेयर मार्केट क्या होता है?
शेयर मार्केट (Share Market) वह जगह या सिस्टम है, जहां कंपनियों के शेयरों की खरीद और बिक्री होती है। जब कोई कंपनी पहली बार अपने शेयर आम लोगों को बेचती है, तो उसे IPO (Initial Public Offering) कहा जाता है। IPO के जरिए कंपनी आम निवेशकों से पैसा जुटाती है। इसके बाद शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकते हैं और निवेशक उन्हें खरीद-बेच सकते हैं। जैसे, अगर आपने किसी कंपनी के 10 शेयर खरीदे, तो आप उस कंपनी के छोटे हिस्से के मालिक बन गए। हालांकि, आपकी हिस्सेदारी कितनी होगी, यह कंपनी के कुल शेयरों की संख्या पर निर्भर करता है।
स्टॉक मार्केट क्या है?
स्टॉक मार्केट (Stock Market) को आप शेयर बाजार की एक बड़ी छतरी की तरह समझ सकते हैं। इसमें सिर्फ शेयर्स ही शामिल नहीं होते, बल्कि इसमें बॉण्ड्स (Bonds), म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds), डेरिवेटिव्स और डिबेंचर्स जैसी कई दूसरी वित्तीय चीजें भी शामिल होती हैं। हालांकि, आम बोलचाल में भारत में स्टॉक मार्केट शब्द का इस्तेमाल शेयर बाजार के लिए ही बहुत ज्यादा किया जाता है। यही वजह है कि लोगों को अक्सर लगता है कि दोनों बिल्कुल एक ही चीज हैं।
शेयर मार्केट और स्टॉक मार्केट का उदाहरण
मान लीजिए आप एक ऐसी दुकान पर जाते हैं, जो सिर्फ और सिर्फ चॉकलेट बेचती है। वहां आपको अलग-अलग ब्रांड की सिर्फ चॉकलेट्स ही मिलेंगी। ठीक इसी तरह, जब आप सिर्फ किसी एक खास कंपनी जैसे सिर्फ टाटा या सिर्फ रिलायंस के शेयर खरीदते-बेचते हैं, तो उसे शेयर मार्केट कहा जाता है। अब मान लीजिए आप एक बड़े मॉल या डिपार्टमेंटल स्टोर में जाते हैं। उस स्टोर में चॉकलेट के अलावा बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक्स, ग्रॉसरी, कपड़े और खिलौने, यानी सब कुछ मिलता है। ठीक इसी तरह स्टॉक मार्केट एक बहुत बड़ा बाजार है, जहां सिर्फ शेयर ही नहीं, बल्कि बॉण्ड्स, म्यूचुअल फंड्स और डिबेंचर्स जैसी कई अलग-अलग फाइनेंशियल चीजें एक ही जगह पर मिलती हैं।