sports

क्या टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पारी घोषित नहीं करके कर दी बड़ी गलती? जानिए

August 17, 2026

क्या टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पारी घोषित नहीं करके कर दी बड़ी गलती? जानिए

Aug 17, 2026 09:41 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच के दो दिन का खेल खत्म होने तक 460 रन बना लिए हैं, लेकिन पारी घोषित नहीं की है। 116 ओवर टीम बल्लेबाजी कर चुकी है और 9 विकेट भी खो दिए हैं।

India vs Sri Lanka

शुभमन गिल भारतीय खिलाड़ियों के साथ

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दो दिन का खेल खत्म हो चुका है, लेकिन सिर्फ 116 ओवर का ही खेल हुआ है। बारिश की वजह से एक भी दिन 90 ओवर का खेल नहीं हुआ, जिसका नुकसान दोनों टीमों को हो सकता है। खासकर भारतीय टीम को ज्यादा नुकसान झेलना पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या टीम इंडिया ने दूसरे दिन के आखिर में पारी डिक्लेयर नहीं करके एक बड़ी गलती कर दी है? इसके बारे में जान लीजिए।

शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 116 ओवर में 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए। 432 रन पर जब सातवां विकेट भारत का गिरा था तो उस समय टीम 110वां ओवर खेल रही थी। उस समय पारी घोषित करके कुछ ओवर श्रीलंका को बल्लेबाजी कराई जा सकती थी। अगर वहां कुछ विकेट मिलते तो निश्चित रूप से टीम इंडिया के पास इस मैच को जीतने का चांस बनता, क्योंकि बारिश की संभावना तीसरे दिन भी बहुत ज्यादा है।

क्या हुई भारत से बड़ी चूक?

460 रन अभी भारत बना चुका है और आखिरी विकेट बाकी है। मान लो कि 10 रन और भारत जोड़ लेता है तो भी यह स्कोर पारी की जीत के लिए काफी नहीं होगा, क्योंकि यह मैच की पहली पारी है और श्रीलंका को फॉलोऑन देने के लिए 270 से कम पर ऑलआउट करना होगा, जो कि इन परिस्थितियों में बहुत ज्यादा मुश्किल है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को चार पारियों के हिसाब से ही सोचना था और अपनी दूसरी पारी में तेज बल्लेबाजी करके एक अच्छा टारगेट श्रीलंका के सामने सेट करने के बारे में सोचना चाहिए था। तीसरे दिन जब भी गेम शुरू हो तो फिर भारत नहीं, बल्कि श्रीलंका को ही बल्लेबाजी के लिए बुलाना चाहिए।

टीम इंडिया को असल में श्रीलंका नहीं, बल्कि टाइम और मौसम से लड़ाई लड़नी है। अगर तीसरे दिन का खेल बारिश में धुलता है तो फिर यह मैच ड्रॉ होने के करीब पहुंच जाएगा, क्योंकि फिर दो ही दिन का खेल बचेगा और उस केस में श्रीलंका की टीम संभलकर खेल सकती है। इस मैच में श्रीलंका के लिए जीतना कठिन है, लेकिन यहां से अगर श्रीलंका की टीम मैच को ड्रॉ भी करा लेती है तो यह जीत से कम नहीं होगा, क्योंकि भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचने के लिए लगभग हर एक मैच में जीत चाहिए।

लेखक के बारे में

Vikash Gaur

विकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स

संक्षिप्त विवरण:

विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

विस्तृत बायो:

परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।

करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।

खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:

क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।

ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल

पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।

विशेषज्ञता:

क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट

और पढ़ें