'इमरान खान नहीं रहे' पत्रकार के दावे से पाकिस्तान में हड़कंप! अदियाला जेल में क्या हुआ?
Aug 12, 2026 04:54 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
PTI नेताओं और इमरान खान की बहनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें जेल में पूर्व पीएम से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पार्टी ने मांग की है कि इमरान खान का स्वतंत्र डॉक्टरों से चेकअप कराया जाए।

पत्रकार ने दावा किया कि इमरान खान अब हमारे बीच में नहीं रहे। इसलिए आसिम मुनीर देश से उन्हें छुपा रहे हैं।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रमुख इमरान खान की सेहत और उनकी मौजूदगी को लेकर एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म है। रावलपिंडी की अदियाला जेल (Adiala Jail) में बंद 73 साल के इमरान खान के निधन के दावे वाली असत्यापित खबरों और सोशल मीडिया अफवाहों ने पाकिस्तान की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
पत्रकार ने क्या किया दावा?
अफवाहों को हवा तब मिली जब अमेरिका में रह रहे पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक बहुत बड़ा दावा किया।
उन्होंने रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय (GHQ) में तैनात तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के हवाले से कहा कि उन्हें आशंका है कि "इमरान खान अब हमारे बीच नहीं रहे।"
वजाहत ने कहा, "उनके सूत्रों, जो पाकिस्तानी सेना के तीन वरिष्ठ अधिकारी हैं, ने कहा है कि उन्हें आशंका है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जेल में मर चुके हैं और इसलिए पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर उन्हें पूरे देश से छिपा रहे हैं।"
हालांकि, पत्रकार ने खुद स्वीकार किया कि यह असत्यापित जानकारी है और किसी अधिकारी ने इसे अपनी आंखों से नहीं देखा है, बल्कि सुनी-सुनाई बातों के आधार पर आशंका जताई है।
PTI का आरोप और परिवार को मुलाकात की मनाही
PTI नेताओं और इमरान खान की बहनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें जेल में पूर्व पीएम से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पार्टी ने मांग की है कि इमरान खान का स्वतंत्र डॉक्टरों से चेकअप कराया जाए। परिवार और वकीलों को उनसे तुरंत मिलने की अनुमति दी जाए।
इससे पहले नवंबर 2025 में भी इमरान खान की जेल में मौत की अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि, 2 दिसंबर 2025 को उनकी बहन उजमा खानम ने अदियाला जेल में उनसे मुलाकात की थी और पुष्टि की थी कि वे शारीरिक रूप से ठीक हैं, लेकिन उन्हें एकांत कारावास में रखा जा रहा है।
'इस्लामाबाद लॉन्ग मार्च' और 20 लाख लोगों का दावा
इमरान खान की सेहत को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच PTI ने शाहबाज शरीफ सरकार और सेनाध्यक्ष फील्ड मार्शल असीम मुनीर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री और PTI नेता सोहेल अफरीदी ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान का युवा आक्रोशित है और 20 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं।
PTI ने 27 सितंबर 2026 को इस्लामाबाद की ओर एक बड़े 'लॉन्ग मार्च' का ऐलान किया है।
अमेरिकी सांसदों की चिट्ठी: विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र
पाकिस्तान सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव भी बढ़ रहा है। अमेरिकी कांग्रेस के 13 द्विदलीय सांसदों ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे इस्लामाबाद के साथ इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की जेल स्थितियों का मुद्दा उठाएं।
पत्र में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत की उन चेतावनियों का जिक्र किया गया है, जिनमें इमरान के लंबे एकांत कारावास और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं पर ध्यान दिलाया गया था।
