Dholpur News: राजस्थान में धौलपुर जिले के सदर थाना इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. भागीरथपुरा मोड़ के पास कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में कार सवार पिता-पुत्र और चाचा की जान चली गई. घटना की सूचना मिलते ही पचगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, कार सवार तीनों लोग जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर में दर्शन करने के लिए गए थे. दर्शन करने के बाद वापस धौलपुर लौटते समय भागीरथपुरा मोड़ के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग कार के अंदर फंस गए. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
हादसे में तीन लोगों की मौत
पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के अनुसार में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिसमें राजकुमार जैन उम्र करीब 50 वर्ष पुत्र ज्योति प्रसाद निवासी मनियां हाल शास्त्री नगर, उनके भतीजे विजय उम्र करीब 45 वर्ष पुत्र कैलाश चंद्र निवासी लीला विहार कॉलोनी तथा विजय के पुत्र आदि उम्र करीब 15 वर्ष निवासी लीला विहार कॉलोनी की मौत हुई है.
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. सदर थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ ही ट्रक और कार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

ध्वज आर्य
राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.
Read More