- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sambhal
- Sambhal Rain News | Water Logging At Forest Office & School Routes
संभल में घंटेभर बारिश से गलियां बनीं तालाब:वन विभाग कार्यालय में भरा पानी, भीगते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे
सनी गुप्ता, संभल2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

संभल शहर में शुक्रवार को एक घंटे की बारिश से मौसम बदल गया। इस दौरान 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 95 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूरे दिन आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार सुबह से ही पूरे संभल जनपद में काले बादल छाए रहे। गंगा किनारे की तहसील गुन्नौर की नगर पंचायत बबराला, गुन्नौर, गंवा और जुनावई, रजपुरा, गुन्नौर ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में तड़के से ही वर्षा हो रही है। जिला मुख्यालय बहजोई ब्लॉक क्षेत्र और चंदौसी शहर व ग्रामीण इलाकों में भी बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया।

बलिया में बारिश के बाद कच्ची सड़कों पर कीचड़ हो गया।
संभल तहसील के सिरसी कस्बे में लोगों को बारिश के पानी की निकासी के लिए नाले खोलने पड़े। सुबह 07:40 बजे बारिश शुरू होने के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भीगते हुए स्कूल पहुंचना पड़ा। चंदौसी नगर पालिका क्षेत्र के बदायूं चुंगी स्थित वन विभाग के कार्यालय में भी बारिश का पानी भर गया।
सावन के पहले सोमवार से हो रही लगातार बारिश से संभल का मौसम सुहावना बना हुआ है। इससे पहले उमस भरी गर्मी और जुलाई के अंत में सूखे की आशंका से किसान चिंतित थे। बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी थी। अब लगातार वर्षा से किसानों को राहत मिली है। बाजरा, धान, ईख और फूलगोभी सहित अन्य सब्जियों की फसलों को इस बारिश से लाभ हो रहा है।

लगातार बारिश के कारण पूरे जनपद में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है*
हालांकि, लगातार बारिश के कारण पूरे जनपद में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बारिश के चलते जनपद में कच्चे मकान गिरने की छह घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। स्थानीय निवासी सोनू कुमार ने बताया कि बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन जलभराव के कारण कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण नाले उफनाने लगे। लोगों ने खुद मैनहोल के ढक्कन हटाकर सफाई की।

लगातार बारिश के कारण वन विभाग ऑफिस में भी जलभराव हो गया।
.