world-news

गुरुग्राम में बिजली गुल होने पर हंगामा: सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, बिल्डर-बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस से हुई तीखी बहस - Haribhoomi

August 5, 2026

गुरुग्राम में बिजली गुल होने पर हंगामा: सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, बिल्डर-बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस से हुई तीखी बहस

गुरुग्राम में निवासियों का आरोप है कि भारी मेंटेनेंस चार्ज देने के बावजूद बिल्डर और बिजली विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहे हैं। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और विरोध जता रहे निवासियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

Gurugram Power Cut Protest.

गुरुग्राम में बिजली गुल होने पर रेजिडेंट्स ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

  • Published: 05 Aug 2026, 04:06 PM IST
  • Last Updated: 05 Aug 2026, 04:23 PM IST

गुरुग्राम में बिजली गुल होने पर हंगामा:  गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसाइटी में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज रेजिडेंट्स बुधवार को सड़क पर उतर आए। घंटों तक बिजली गुल रहने और पानी की आपूर्ति ठप होने से परेशान लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर बिल्डर और बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

#Gurgaon #Gurugram
- करीब 40 घंटे से बिजली गुल से परेशान सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसाइटी के निवासियों ने सड़क जाम करके बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया।#Pyramid @DHBVNL @dhbvnofficial @vikramyadav @anilvijminister @csharyana @cmohry @NayabSainiBJP pic.twitter.com/ibprDCDLfl

— DEEPAK AHUJA (@DEEPAKKAHUJA) August 5, 2026

सोसाइटी में बिजली के साथ पानी की सप्लाई भी हुई ठप
सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली काटी जा रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की सप्लाई भी बंद हो गई है, जिससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। रेजिडेंट्स का कहना है कि वे हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क चुकाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बिल्डर और बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिल्डर प्रबंधन और बिजली विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक
सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी बिजली बहाल होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान पुलिस और सोसाइटी के निवासियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई।

लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े लोग
स्थिति को देखते हुए बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने ट्रांसफॉर्मर और तकनीकी खराबी को जल्द ठीक कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी केवल मौखिक भरोसे से संतुष्ट नहीं हुए और समस्या के स्थायी समाधान के लिए लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि बिजली निगम ने जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने का भरोसा दिया है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।