गाजियाबाद में भाजपा की समरसता संकल्प कलश यात्रा:संत रविदास जयंती पर निकली, समरसता का संदेश दिया
प्रथम चौधरी | गाजियाबाद54 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गाजियाबाद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प कलश यात्रा का आयोजन किया। शुक्रवार को यह यात्रा सुबह 11 बजे शुरू हुई। काशी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र रज से सुशोभित कलश के साथ यह यात्रा भाजपा महानगर कार्यालय, नेहरू नगर से प्रारंभ होकर पटेल नगर स्थित संत रविदास मंदिर पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान नेहरू नगर, बस स्टैंड और लोहिया नगर सहित विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। इस यात्रा में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि संत रविदास का संपूर्ण जीवन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के संदेश का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि संत रविदास ने समाज को समरसता, समानता और शुद्ध अंत:करण का मार्ग दिखाया।
मुख्य अतिथि एवं भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, कर्म की श्रेष्ठता और आंतरिक शुद्धता का आदर्श है। उन्होंने जातिगत भेदभाव का विरोध करते हुए समतामूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया और बताया कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है।

सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि संत रविदास ने मानवता और सामाजिक समरसता को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति जन्म से ऊंचा या नीचा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसकी वास्तविक पहचान बनाते हैं।
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि संत रविदास का जीवन कर्मप्रधानता, श्रम की गरिमा और ईमानदार आजीविका का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि परिश्रम से अर्जित धन ही सबसे श्रेष्ठ होता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए समाज के हित में कार्य करना चाहिए।

मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अभियान संयोजक राजन आर्य वाल्मीकि, महानगर महामंत्री गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज, विजय मोहन, राजा वर्मा, उषा चौधरी, प्रीति चंद्र राय, महेंद्र यादव, अमित रंजन, नीरज शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.