लखनऊ विश्वविद्यालय में 5वें गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से ज्ञान को सीमित न रखने और 'बुक बैंक' बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ वितरित कर उसे आत्मसात करने की सलाह दी।
गोमती पुस्तक महोत्सव में सीएम योगी ने बच्चों को बांटी एग्जाम वॉरियर्स (फाइल फोटो)
- Published: 12 Sep 2026, 03:09 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 03:09 PM IST
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित 5वें 'गोमती पुस्तक महोत्सव-2026' का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिखित प्रेरक पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ वितरित की। युवाओं और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान को संकुचित दायरे में बांधना समाज और राष्ट्र दोनों के लिए नुकसानदेह है; हर नागरिक को अपने जीवन में पुस्तकें पढ़ने की निरंतर आदत विकसित करनी चाहिए।
'एग्जाम वॉरियर्स' बनेगी जीवन का संबल
सीएम योगी ने कहा कि 'एग्जाम वॉरियर्स' सिर्फ स्कूली परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन के विभिन्न पड़ावों पर आने वाली कठिन परिस्थितियों में संबल और मार्गदर्शक का काम करती है। उन्होंने इस धारणा को सिरे से खारिज किया कि आज की पीढ़ी किताबों से दूर हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह कहना युवाओं के साथ अन्याय होगा कि वे किताबें नहीं पढ़ते। असल जरूरत उन तक अच्छी किताबों को पहुंचाने की थी।" उन्होंने लखनऊ और गोरखपुर पुस्तक मेलों में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं में पठन-पाठन को लेकर भारी उत्साह है।
#WATCH | लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 5वें गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 में शामिल हुए। pic.twitter.com/gqtzPpzJkj
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 12, 2026
57,600 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी
प्रदेश के विकास और शिक्षा व्यवस्था में आए बदलावों को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि एक दशक पहले यूपी के सामने पहचान का संकट था, जिसे अब दूर कर दिया गया है। आज प्रदेश की 57,600 ग्राम पंचायतों के सचिवालयों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है, जहां नेशनल बुक ट्रस्ट NBT की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें जर्जर थीं तो सिस्टम भी जर्जर था, लेकिन 'ऑपरेशन कायाकल्प' के जरिए बेसिक और माध्यमिक स्कूलों को स्मार्ट क्लास और आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है।
युवा बनाएं अपना 'बुक बैंक'
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे अपने पाठ्यक्रम से इतर महापुरुषों की आत्मकथाओं, विज्ञान, शोध और धार्मिक-सांस्कृतिक ग्रंथों का निजी ‘बुक बैंक’ तैयार करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार NBT की पुस्तकों की सबसे बड़ी खरीदार है और इस तरह के पुस्तक मेलों का विस्तार प्रदेश के अन्य जिलों में भी किया जाएगा। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, एनबीटी के चेयरमैन प्रो. मिलिंद मराठे और निदेशक युवराज मलिक सहित कई प्रमुख शिक्षाविद उपस्थित रहे।