
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अक्सर लोगों में उत्साह देखा जाता है. लेकिन पहली बार पीएम मोदी के कार्यक्रम का डिजिटल रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है. गुजरात के वडोदरा में मंगलवार को होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए पहली बार, BookMyShow के जरिए मुफ्त डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई थी.
बताया जा रहा है कि रजिस्ट्रेशन शुरू होने के सिर्फ एक घंटे के भीतर ही सभी सीटें बुक हो गईं. दरअसल, वडोदरा नगर निगम (VMC) ने रजिस्ट्रेशन के लिए इस निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया. रजिस्ट्रेशन खुलते ही लोगों ने बड़ी संख्या में आवेदन किए. एक घंटे के अंदर ही कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो गईं. रजिस्ट्रेशन बंद होने के बाद भी 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में हैं. बड़ी संख्या में लोगों के रजिस्ट्रेशन से पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोगों का जबरदस्त उत्साह सामने आया है.
QR कोड के स्कैन होने पर मिलेगी एंट्री
कार्यक्रम में आने वाले रजिस्टर्ड लोगों को BookMyShow अकाउंट पर डिजिटल M-Ticket मिलेगा. टिकट में लाइव QR कोड होगा, जिसे स्कैन कर एंट्री दी जाएगी. रजिस्ट्रेशन से लेकर वेरिफिकेशन, एंट्री और सीटिंग तक पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है. इसका मकसद एंट्री को तेज करना और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से अंदर पहुंचाना है. यानी पीएम मोदी के वडोदरा कार्यक्रम में पहली बार बड़े पैमाने पर डिजिटल तरीके से पब्लिक एंट्री मैनेजमेंट किया जा रहा है.
वडोदरा में कई प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पहले वडोदरा जाएंगे, जहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. वह इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, उनमें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (JNPA) खंड शामिल हैं.
डीएफसी का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा
जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण से सीधी संपर्क सुविधा मिलने से आयात-निर्यात माल की आवाजाही तेज होगी, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होगा, माल ढुलाई की लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटाने में मदद मिलेगी. इन खंडों के चालू होने के बाद समर्पित माल ढुलाई गलियारे (डीएफसी) का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा.

कुमार कुन्दन
साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.
Read More