entertainment

Bigg Boss 20 Premiere Review: सलमान खान के 'बिग बॉस 20' में कितना दम? जानिए 5 ताकत और पांच कमजोरियां

September 7, 2026

Salman Khan Bigg Boss Review: रविवार की शाम टीवी के रिमोट पर उंगलियां थमी थीं और कान उस भारी-भरकम आवाज के इंतजार में थे, जो पिछले डेढ़ दशक से कहती आ रही है, ‘बिग बॉस में के घर में आपका स्वागत है!’ आखिरकार बत्ती जली, सलमान खान की वही मुस्कान दिखी और 105 कैमरों की निगरानी वाला घर एक बार फिर उसके अंदर कैद होने वाले नए कैदियों से (जिन्हें घरवाले कहा जाता है) गुलजार हो गया. प्रीमियर ऑन-एयर हो चुका है और आज से टीवी स्क्रीन्स पर चाय की पत्ती से लेकर बेडरूम के गद्दों तक पर महाभारत शुरू होने वाली है. पहले 24 घंटों में दर्शकों ने प्रीमियर का हर फ्रेम खंगाल लिया है. सोशल सर्कल से लेकर ड्राइंग रूम तक एक ही चर्चा है कि इस बार शो की नीव कितनी मजबूत है. अगर आप भी अगले तीन महीनों के इस ड्रामे में कूदने की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए नए सीजन की वो 5 बातें जिन्होंने सीधे दिल जीत लिया और वो 5 कमजोर कड़ियां, जहां मेकर्स का दांव थोड़ा उलटा पड़ता दिख रहा है.

वो 5 बातें, जो दिल जीत ले गईं

मैरी कॉम का अनएक्सपेक्टेड पंच

जब रिंग की लीजेंड और ओलंपिक मेडलिस्ट एमसी मैरी कॉम ने स्टेज पर कदम रखा, तो वो इस सीजन का सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ. आमतौर पर बिग बॉस ऐसे चेहरों के लिए जाना जाता है जो काम की तलाश में होते हैं या विवादों में घिरे रहते हैं. ऐसे में एक ग्लोबल स्पोर्ट्स आइकन का घर में आना शो को एक अलग गरिमा (ग्रेविटास) देता है. मैरी कॉम का संयम और अनुशासन इस हंगामे वाले घर में कैसा संतुलन बनाता है, ये देखना सबसे सुखद अनुभव होगा.

काजी तौकीर और 2000s का कल्ट नोस्टैल्जिया

मेकर्स ने इस बार 2000s के उस पुराने दौर की यादों को बहुत सलीके से भुनाया है. ‘फेम गुरुकुल’ के विनर काजी तौकीर को इतने सालों बाद उसी बिंदास हेयरस्टाइल और रॉ अंदाज में देखकर एक पूरी पीढ़ी का नोस्टैल्जिया जाग गया. सालों बाद स्क्रीन पर उनकी इस वापसी को लेकर रियलिटी शो के फैन्स काफ़ी एक्साइटेड हैं.

यहां पढ़ें बिग बॉस 20 की पूरी हाइलाइट्स

Bigg Boss 20 Premiere Highlights: मैरी कॉम, माही विज, आसिफ खान से रोहेद खान तक, ये हैं सलमान खान के बिग बॉस 20 के 16 कंटेस्टेंट्स

टीवी बहुओं का मजबूत फ्रंट

कनिका मान और माही विज जैसी एक्ट्रेस को लाकर चैनल ने अपने कोर ऑडियंस यानी फैमिली क्राउड को पहले दिन ही लॉक कर लिया है. ये वो चेहरे हैं, जिनकी घर-घर में पहचान है. माही का इंडस्ट्री में लंबा तजुर्बा और कनिका का यूथ कनेक्ट प्रीमियर पर साफ नजर आया कि ये दोनों सिर्फ शो-पीस बनकर नहीं रहेंगी, बल्कि घर की सत्ता पर सीधा दावा ठोकेंगी.

रीजनल और अंडरग्राउंड का देसी तड़का

आम्रपाली दुबे को स्टेज तक छोड़ने खुद निरहुआ का आना और उधर यरवदा की गलियों से रैपर यंग डी.एस.ए (हर्ष विजय मचारे) का ‘येड़ा यंग’ वाला स्ट्रीट-स्मार्ट स्वैग लेकर एंट्री करना ये बताता है कि मेकर्स अब सिर्फ मुंबई के सोफिस्टिकेटेड टीवी एक्टर्स के भरोसे नहीं हैं. यूपी-बिहार का वोट बैंक और यूथ का हिप-हॉप कल्चर मिलकर इस बार घर के डायनैमिक्स को बहुत अनप्रिडिक्टेबल बनाने वाले हैं.

सलमान खान का अनफिल्टर्ड चार्म

चाहे फॉर्मेट कितना भी पुराना क्यों न हो जाए, लेकिन जब सलमान खान स्टेज पर खड़े होकर कंटेस्टेंट्स की टांग खींचते हैं, तो स्क्रीन अपने आप जिंदा हो जाती है. उनकी कॉमिक टाइमिंग, कंटेस्टेंट्स के बनावटीपन को एक झटके में पकड़ लेना और बिना स्क्रिप्ट के बात करने का हुनर ही इस शो की असली रीढ़ है.

वो 5 बातें, जहां मामला गड़बड़ लगा

ढाई घंटे से ज्यादा खिंचा हुआ प्रीमियर

बिग बॉस का इस साल प्रीमियर एपिसोड इतना लंबा और धीमा लग रहा था कि एक वक्त के बाद दर्शक घड़ी देखने लगे. हर कंटेस्टेंट का लंबा बैकस्टोरी वीडियो, वही घिसे-पिटे स्टेज परफॉर्मेंस और जबरदस्ती के मजाक ने एपिसोड की रफ्तार को बहुत सुस्त कर दिया. जिस शो की पहचान उसकी स्पीड और सस्पेंस है, उसका आगाज इतना खिंचा हुआ होना अखरता है.

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का ओवरडोज

हर बार की तरह इस बार भी मेकर्स करोड़ों फॉलोअर्स के लालच में ऐसे चेहरों को ले आए हैं, जिनका टीवी दर्शकों से कोई ऑर्गेनिक जुड़ाव नहीं है. स्काउट (तन्मय) के पास गेमिंग की तगड़ी कम्युनिटी है, अरिशफा खान के इंस्टाग्राम पर नंबर हैं, लेकिन रियलिटी शो में पर्सनैलिटी और रियल-टाइम रिएक्शन मायने रखते हैं, न कि एडिटेड रील्स. प्रीमियर पर इनमें से कई चेहरे पूरी तरह अनकंफर्टेबल और स्क्रिप्टेड दिखे.

वही पुराना घिसा-पिटा किचन और बेड का ड्रामा

पहले ही दिन मेकर्स ने वही 15 साल पुराना फॉर्मूला थोपने की कोशिश की, जैसे ‘बेड किसे मिलेगा’, ‘किचन की ड्यूटी कौन करेगा’. दर्शक अब इन लड़ाइयों को देखकर पक चुके हैं. साल 2026 में जब रियलिटी शोज का स्तर इतना आगे बढ़ चुका है, तब भी बिग बॉस का वही पुराने पैंतरे आजमाना क्रिएटिव टीम के आलस को दिखाता है.

ये भी पढ़ें: बादशाह से टूटे रिश्ते पर छलका दर्द, Bigg Boss 20 में ईशा रिखी से बोले सलमान- सामने वाला आगे बढ़ चुका है

कंटेस्टेंट्स का ‘प्री-प्लैन’ होकर आना

प्रीमियर पर ही साफ झलक गया कि ज्यादातर खिलाड़ी पिछले 10 सीजन्स रटकर आए हैं. कौन रुबीना दिलैक बनने की कोशिश कर रहा है, कौन शहनाज गिल की तरह मासूमियत का नाटक कर रहा है. यह बनावटीपन पहले दिन ही खटकने लगा. जब कंटेस्टेंट इतने ज्यादा सचेत (कॉन्शियस) होकर आते हैं, तो शो की वो असली ‘रॉनेस’ खत्म हो जाती है.

थीम का कोई खास असर न दिखना

हर साल मेकर्स घर का एक नया कॉन्सेप्ट या थीम बताते हैं, लेकिन अंदर जाकर सब कुछ वही पुराना लगने लगता है. घर का इंटीरियर खूबसूरत जरूर है, लेकिन ऐसा कुछ भी अलग या नया नहीं दिखा जो कहे कि ‘हां, यह पिछले सीजनों से बिल्कुल अलग है.

कुल मिलाकर, नए सीजन की शुरुआत ने बारूद तो बिछा दिया है और चिंगारियां भी मौजूद हैं. अब देखना ये होगा कि मैरी कॉम का पंच और माही विज का अंदाज इस शो को आगे खींचता है, या फिर इन्फ्लुएंसर्स की रील्स वाली दुनिया इस पूरे खेल को बोरियत के गड्ढे में धकेल देती है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button