sports

PCB की फीस वसूली पर बवाल, पाकिस्तान की चैंपियन टीम पर लगा ताला, घरेलू सीजन से बाहर

August 2, 2026

PCB की फीस वसूली पर बवाल, पाकिस्तान की चैंपियन टीम पर लगा ताला, घरेलू सीजन से बाहर

पाकिस्तान की चैंपियन टीम ने छोड़ा क्रिकेट. (फोटो- INSTAGRAM)

KRL Withdraws Pakistan Domestic Season 2026-27: पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट गलियारे से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. खान रिसर्च लेबोरेटरीज (KRL) की टीम ने आगामी 2026-27 डिपार्टमेंटल डोमेस्टिक क्रिकेट सीजन से अपना नाम आधिकारिक रूप से वापस ले लिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह फैसला KRL की ओर से प्रेसिडेंट्स कप लिस्ट-ए डिपार्टमेंटल टूर्नामेंट का खिताब जीतने के सिर्फ एक साल बाद आया है. जिसके पीछे की वजह भी काफी चौंकाने वाली है.

पीसीबी की बढ़ी फीस बनी बड़ी वजह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से बढ़ाई गई भारी-भरकम एंट्री फीस के कारण टीम पर ज्यादा फाइनेंशियल बोझ पड़ रहा था. पैसों की कमी के चलते संस्थान ने आगामी सीजन में हिस्सा न लेने का कड़ा रुख अपनाया है. लगातार बढ़ते फाइनेंशियल दबाव और फीस स्ट्रक्चर में हुए बदलावों के कारण KRL के पास इस नए सीजन में अपनी टीम उतारने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं बचे थे, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में यह बड़ा फैसला लेना पड़ा. पिछले ही सीजन में चैंपियन बनने वाली टीम का इस तरह अचानक प्रतियोगिता से हट जाना पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.

टीम के खिलाड़ियों का क्या होगा?

टीम के हटने के बाद खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर भी खान रिसर्च लेबोरेटरीज मैनजमेंट ने अपना रुख साफ कर दिया है. जिन खिलाड़ियों के पास दूसरी घरेलू या डिपार्टमेंटल टीमों से खेलने के ऑफर आ रहे हैं, उन्हें KRL ने बिना किसी आपत्ति के नई टीमों के साथ जुड़ने की पूरी आजादी दे दी है. वहीं, KRL ने आश्वासन दिया है कि टीम के बाकी बचे खिलाड़ियों के मौजूदा कॉन्टैक्ट का पूरा सम्मान किया जाएगा और उन्हें तय शर्तों के मुताबिक भुगतान किया जाएगा.

KRL टीम का इतिहास

खान रिसर्च लेबोरेटरीज (KRL) पाकिस्तान की एक फर्स्ट-क्लास क्रिकेट टीम है, जो देश की कायदे-आजम ट्रॉफी के साथ-साथ 50 ओवर के के घरेलू मुकाबलों में भी हिस्सा लेती रही है. इस टीम का नाम और स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान की न्यूक्लियर एनरिचमेंट फैसिलिटी खान रिसर्च लेबोरेटरीज से जुड़ा हुआ है. KRL ने साल 1997-98 के सीजन से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा था. बता दें, मई 2019 में तत्कालीन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए डिपार्टमेंटल टीमों की भागीदारी पर रोक लगा दी थी और सिर्फ रीजनल टीमों को ही प्राथमिकता दी थी. इस फैसले के बाद KRL जैसी बड़ी टीमों का क्रिकेट मैदान पर सफर थम गया था.

पीसीबी (PCB) के इस फैसले की खिलाड़ियों और पूर्व दिग्गजों ने काफी आलोचना की थी और डिपार्टमेंटल टीमों को बहाल करने की मांग की थी. आखिरकार, अगस्त 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने डिपार्टमेंटल क्रिकेट की वापसी का ऐलान किया था और 2023-24 के प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी के साथ KRL की मैदान पर दोबारा वापसी हुई थी. लेकिन एक बार फिर इस टीम के खेलने पर संकट मंडरा रहा है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button