Patna News: पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने वार्ड नंबर-24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अनिल यादव को बदमाशों ने करीब 5 गोलियां मारीं. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अनिल यादव जनसुराज पार्टी के नेता था. वारदात के बाद प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात की.
कई राउंड फायरिंग, 8 खोखे बरामद
बताया जा रहा कि बदमाशों ने अनिल यादव को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से 8 खोखे बरामद किए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
ये भी पढ़ें- पूरे जमुई की ओर से था ये थप्पड़ नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी हरेराम को वकील ने पीटा- Video
सेंट्रल एसपी ने दी घटना की जानकारी
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व पार्षद अनिल यादव को 5 गोलियां लगी थीं. गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर थी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल से 8 खोखे बरामद किए गए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव
अनिल यादव की मौत की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई. घटना के बाद बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी अस्पताल पहुंचे. दोनों नेताओं ने घटना की जानकारी ली. साथ ही अनिल के परिजनों से मुलाकात की. अनिल यादव जन सुराज पार्टी से जुड़े थे. वह वार्ड नंबर-24 के पूर्व पार्षद रह चुके थे. फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की वजह क्या थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे.

रूपेश कुमार
लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.
Read More