world-news

OTT Release This Week: 'हुंकार' से ‘बकैती’ सीजन 2 तक, OTT पर इस हफ्ते रिलीज हो रहीं ये 10 नई धांसू फिल्में और सीरीज

September 21, 2026

OTT Release This Week: इस हफ्ते ओटीटी पर एंटरटेनमेंट का जबरदस्त तड़का लगने वाला है. दरअसल, 21 सितंबर से 27 सितंबर के बीच डिजिटल के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने वाली हैं. इस लाइनअप में क्राइम थ्रिलर, कोर्टरूम ड्रामा, हॉरर, कॉमेडी और रियलिटी शो से लेकर फैमिली ड्रामा तक शामिल हैं. ऐसे में अगर आप घर बैठे कुछ नया और दिलचस्प देखने का प्लान बना रहे हैं, तो इस हफ्ते ओटीटी पर आपके पास कई ऑप्शन मौजूद रहेंगे. चलिए जानते हैं 21 से 27 सितंबर के बीच कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज किस प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली हैं.

‘शक: ट्रस्ट नो वन’

इस हफ्ते की पॉपुलर रिलीज में परिणीति चोपड़ा स्टारर ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ शामिल है. रेन्सिल डी'सिल्वा के निर्देशन में बनी ये क्राइम थ्रिलर ड्रामा एक ऐसी मां की कहानी है, जो अपने लापता बच्चे को खोजने के लिए नौ साल तक संघर्ष करती है. फिल्म में परिणीति चोपड़ा के अलावा जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, सोनी राजदान, अनूप सोनी, हरलीन सेठी, सुमीत व्यास और ध्रुव चौधरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म को 24 सितंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

‘हुंकार - द रोर’

अगर आपको क्राइम और कोर्टरूम थ्रिलर पसंद है तो ‘हुंकार - द रोर’ आपके लिए दिलचस्प हो सकती है. इसकी कहानी 17 साल की मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अनीत पड्डा निभा रही हैं. मीनू एक सम्मानित और प्रभावशाली आध्यात्मिक पंथ के नेता ‘बापजी’ पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है. बापजी का किरदार रघुबीर यादव ने निभाया है. सीरीज में आरोपों के बाद सामने आने वाली कानूनी लड़ाई और उसके असर को दिखाया जाएगा. इसे 25 सितंबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

‘अगाधा’

हॉरर और सुपरनैचुरल कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘अगाधा’ एक ऑप्शन हो सकती है. फिल्म की कहानी महादेवी नाम की एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पास आध्यात्मिक शक्तियां हैं. अपने परिवार को आने वाले विनाश से बचाने के लिए महादेवी को ‘अगाधा’ नाम की एक खतरनाक और रहस्यमयी शक्ति का सामना करना पड़ता है. इसके लिए उसे एक ऐसी वर्जित गुफा में जाना पड़ता है, जहां उसके सामने कई मुश्किलें आती हैं. ‘अगाधा’ 25 सितंबर से जी5 पर स्ट्रीम होगी.

‘डोंट बी शाई’

आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट द्वारा बैक्ड ‘डोंट बी शाई’ भी इस हफ्ते ओटीटी पर दस्तक देने वाली है. फिल्म की कहानी श्यामिली दास नाम की 20 साल की कॉलेज स्टूडेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार आरुषि बजाज ने निभाया है. श्यामिली खुद को ‘मीन गर्ल’ मानती है और अपनी जिंदगी में लोगों के साथ उसका व्यवहार कहानी का अहम हिस्सा है. फिल्म को 25 सितंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर देखा जा सकेगा.

‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2

रियलिटी शो पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘राइज एंड फॉल’ का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते शुरू होने जा रहा है. इस सीजन को क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग होस्ट करेंगे. शो में 15 कंटेस्टेंट एक हाई-स्टेक्स गेम का हिस्सा बनेंगे, जहां उनकी पोजिशन लगातार बदलती रहेगी. गेम में रणनीति, रिश्ते और बदलते समीकरण देखने को मिलेंगे. ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ का प्रीमियर 26 सितंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर होगा.

‘बकैती’ सीजन 2

राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, आदित्य शुक्ला और तान्या शर्मा जैसे कलाकारों से सजी ‘बकैती’ का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते रिलीज होगा. सीरीज को डाइस मीडिया ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन समर इकबाल ने किया है. कहानी कटारिया परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बदलते पारिवारिक रिश्तों और नई चुनौतियों से जूझता नजर आएगा. ‘बकैती सीजन 2’ को 25 सितंबर से जी5 पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ सीजन 5

कॉमेडी के दीवानों के लिए भी इस हफ्ते खास सरप्राइज है. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का पांचवां सीजन 26 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. कपिल शर्मा एक बार फिर अपनी पूरी टीम के साथ दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं. शो के नए सीजन का प्रोमो भी सामने आ चुका है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है. 

‘ब्लड लेगेसी’ सीजन 2

नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘ब्लड लेगेसी’ का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते स्ट्रीम होने वाला है. सीरीज में ट्रेजर नकोसी, जोलिले तशाबालाला, बुयिले मडलाडला और माइक न्डलांगामंडला जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. ‘ब्लड लेगेसी सीजन 2’ को 25 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

‘अंगिकारम’

स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्मों में अक्सर मैदान पर होने वाली घटनाओं पर फोकस किया जाता है, लेकिन तमिल फिल्म ‘अंगिकारम’ कहानी को एक अलग दिशा में लेकर जाती है. फिल्म में खेल के साथ कोर्टरूम ड्रामा को भी जोड़ा गया है. कोटापाडी जे राजेश और सिंदूरी विश्वनाथ अहम भूमिकाओं में नजर आने वाली इस फिल्म की कहानी खिलाड़ियों की जिंदगी और मैदान के बाहर आने वाली चुनौतियों को भी दिखाती है. सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब ये फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ रही है. ‘अंगिकारम’ को 25 सितंबर से सन एनएक्सटी पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

‘द फाइनल प्रॉब्लम’

मिस्ट्री और थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए स्पैनिश मिनी सीरीज ‘द फाइनल प्रॉब्लम’ भी इस हफ्ते रिलीज होगी. इसकी कहानी 13 लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक भयंकर तूफान के कारण एक होटल में फंस जाते हैं. इसके बाद होटल में ऐसी घटनाएं शुरू होती हैं, जो कहानी को रहस्य और ट्विस्ट से भर देती हैं. सीरीज को 25 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकेगा.

ये भी पढ़ें: Explainer: 'जेलर 2' में रजनीकांत के साथ धमाल मचाएंगी विद्या बालन, जानिए के बारे में स्टारकास्ट से बजट तक पूरी डिटेल्स