Published: Saturday, August 1, 2026, 19:15 [IST]
Vaibhav Sooryavanshi: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर चर्चाएं अभी से तेज हो चुकी हैं। पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अपनी संभावित भारतीय टीम का खुलासा किया है। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने कई बड़े नामों को शामिल नहीं किया, जबकि लंबे समय से वनडे टीम से दूर चल रहे भुवनेश्वर कुमार की वापसी का समर्थन किया।
अश्विन का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। उनका कहना है कि चयनकर्ताओं को भुवनेश्वर से बात करनी चाहिए और उन्हें रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी समेत घरेलू क्रिकेट के सभी प्रमुख टूर्नामेंट खिलाकर वर्ल्ड कप के लिए तैयार करना चाहिए।
इन खिलाड़ियों को अश्विन ने बताया पक्की पसंद
अश्विन की लिस्ट में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और भुवनेश्वर कुमार शामिल हैं।
ऋषभ पंत, वैभव और अभिषेक शर्मा को किया बाहर
सबसे ज्यादा चर्चा उन प्लेयर्स की हैं, जिनको बाहर किया गया। उन्होंने ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को अपनी संभावित वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं दी। खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को बाहर रखने के फैसले ने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया।
इन खिलाड़ियों पर अब भी सस्पेंस
अश्विन ने कुछ खिलाड़ियों को शायद शामिल करने वाली कैटेगरी में रखा है। इसमें यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, वरुण चक्रवर्ती, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। यानी इन खिलाड़ियों का चयन आने वाले प्रदर्शन और फॉर्म पर निर्भर करेगा। हालांकि वैभव सूर्यवंशी टी20 में धमाल कर रहे हैं लेकिन अश्विन ने उनको बाहर ही रखा।
क्यों भुवनेश्वर कुमार पर जताया भरोसा?
अश्विन का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका की तेज और स्विंग लेने वाली पिचों पर भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकते हैं। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 28 विकेट लिए थे। नई गेंद से स्विंग और डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर फेंकने की उनकी क्षमता आज भी उन्हें खास बनाती है।