Sep 01, 2026 04:28 pm ISTएएनआई, गांधीनगर, गुजरात

राज्य सरकार के इस फैसले के बाद NCC कैडेट्स को आगे चलकर किसी तरह की आर्थिक रुकावट का सामना नहीं करना पड़ेगा, साथ ही नेशनल लेवल तक पहुंचने के लिए टैलेंट, कड़ी मेहनत और काबिलियत ही मुख्य आधार होंगे।

गुजरात में निजी स्कूलों-कॉलेजों के NCC कैडेट्स को बड़ी सौगात, अब सरकार उठाएगी नेशनल कैंपों का खर्चा (PTI Photo)(PTI08_13_2024_000129A) (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गुजरात सरकार ने राज्य के निजी स्कूलों और कॉलेजों में NCC (नेशनल कैडेट कॉर्प्स) जॉइन करने के बाद नेशनल कैंपों में हिस्सा लेने वाले कैडेट्स के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की है। इसके तहत राज्य सरकार ने उन्हें सरकारी स्कूलों व कॉलेजों के कैडेट्स के बराबर ही कैंप अलाउंस देने का फैसला किया है। यह बढ़ा हुआ कैंप अलाउंस उन्हीं NCC कैडेट्स को मिलेगा जिनका चयन राष्ट्रीय कैंपों के लिए होता है। राज्य सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए उसने यह निर्णय लिया है। इससे पहले तक यह अलाउंस केवल सरकारी स्कूल व कॉलेजों के छात्रों को ही मिलता था। जिसके चलते कई सरकारी संस्थानों के बच्चें इन कैंपों में हिस्सा लेने से हिचकिचाते थे।
बता दें कि NCC के द्वारा हर साल गणतंत्र दिवस दल (RDC), थल सैनिक कैंप (TSC), युवा विनिमय कार्यक्रम (YEP), वायु सैनिक कैंप (VSC), नौसेना सैनिक कैंप (NSC) और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम (NLE) जैसे राष्ट्रीय स्तर के कैंप आयोजित किए जाते हैं, जो कि NCC कैडेट्स के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण अवसर होते हैं। इन कैंपों में हिस्सा लेने वाले कैडेट्स का चयन भी बेहद कठिन प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से होता है, जिसमें कैडेट्स लगभग चार से पांच प्रतिस्पर्धी कैंपों में भाग लेते हैं।
अबतक सरकारी स्कूल-कॉलेजों को मिलता था फायदा
इस फैसले से पहले तक राज्य के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के NCC कैडेट्स को ही भारत सरकार के मानदंडों के अनुसार कैंप अलाउंस मिलता था, जबकि प्राइवेट संस्थानों के कैडेट्स को राज्य या केंद्र सरकार से ऐसी कोई सहायता नहीं मिलती थी। ऐसे में इन कैंपों का खर्च या तो कैडेट्स या उनके संस्थानों को वहन करना पड़ता था। जिसकी वजह से कई बार राष्ट्रीय स्तर पर चयन की क्षमता वाले निजी संस्थानों के होनहार कैडेट्स भी इन कैंपों में भाग लेने से हिचकिचाते थे, क्योंकि इन कैंपों का खर्च उन्हें खुद उठाना पड़ता था।
अब राज्य सरकार उठाएगी सौ प्रतिशत खर्चा
जिसके बाद इसी समस्या का समाधान करने के लिए राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों के NCC कैडेट्स को सरकारी संस्थानों के कैडेट्स के बराबर कैंप अलाउंस देने का प्रस्ताव जारी किया है। इस निर्णय के अंतर्गत, राज्य सरकार 100% खर्च उठाएगी और अलाउंस का भुगतान भारत सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित दरों पर किया जाएगा।
सरकार ने बताया इस पहल का उद्देश्य
इस फैसले के बाद निजी संस्थानों के कैडेट्स और उनके संस्थानों को मेस (भोजनालय), यात्रा, विविध और POL (पेट्रोल, तेल और लुब्रिकेंट) शुल्क सहित कैंप से संबंधित अन्य खर्चों का भुगतान सरकार की तरफ से किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य न केवल वित्तीय सहायता प्रदान करना है, बल्कि हर होनहार कैडेट के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना भी है। चाहे वे सरकारी संस्थान में पढ़ रहे हों या प्राइवेट संस्थान में, कैडेट्स को अब अपनी वित्तीय क्षमता की परवाह किए बिना राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का समान अवसर मिलेगा। चयन का आधार टैलेंट, कड़ी मेहनत और काबिलियत होगी।
आर्थिक मदद में अंतर को किया खत्म
इस बारे में राज्य सरकार की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा तथा शिक्षा राज्य मंत्री त्रिकम छंगा के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला आर्थिक बाधाओं को दूर करेगा और प्राइवेट संस्थानों के NCC कैडेट्स के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समान अवसर सुनिश्चित करेगा। इस फैसले से राज्य सरकार ने प्राइवेट और सरकारी संस्थानों के NCC कैडेट्स के बीच मिलने वाली आर्थिक मदद में अंतर को खत्म कर दिया है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jain
सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
और पढ़ें