Nayyi Navelli Trailer: बॉलीवुड में जब पारिवारिक ड्रामा के साथ देसी कॉमेडी और फैंटेसी के रहस्यों का तड़का लगता है, तो सिनेमाघरों में ठहाकों के साथ सीटियां बजना तय होता है. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शन्स की फिल्म ‘नई नवेली’ का धमाकेदार ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है. फिल्म में बॉलीवुड की मंझी हुई अदाकारा यामी गौतम धर ‘मोहिनी’ के एक ऐसे बिल्कुल अनदेखे और चौंकाने वाले अवतार में नजर आ रही हैं, जिसने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. मेरठ के देसी बैकड्रॉप पर गढ़ी गई यह कहानी एक आदर्श बहू, उसके सिरफिरे ससुराल वालों और एक ऐसे राज के इर्द-गिर्द घूमती है जो घर की दहलीज लांघकर सीधे फैंटेसी की दुनिया में ले जाता है.
ट्रेलर दर्शकों को सीधे मेरठ के अतरंगी ‘अवस्थी परिवार’ के बीच ले जाता है. घर में नई बहू मोहिनी (यामी गौतम) का धूमधाम से गृह प्रवेश होता है. पहली नजर में मोहिनी बेहद संस्कारी, सीधी-सादी और परफेक्ट बहू नजर आती है, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते हैं, ससुराल वालों को उसके इर्द-गिर्द अजीबोगरीब घटनाओं का अहसास होने लगता है. कहानी में असली मोड़ तब आता है जब घर के भीतर यह कानाफूसी शुरू होती है कि “भाभी डायन है!” शादी की मीठी रस्मों और नोक-झोंक से शुरू होने वाला ये सफर अचानक जोरदार हंसी-मजाक, अनसुलझे रहस्यों और एक्शन से भरपूर ड्रामे में तब्दील हो जाता है.
‘मोहिनी’ के किरदार पर क्या बोलीं यामी गौतम धर?
अपने इस नए और अनूठे किरदार को लेकर यामी गौतम धर बेहद उत्साहित हैं. किरदार की परतें खोलते हुए यामी ने कहा, “मोहिनी का किरदार मुझे इसलिए भा गया क्योंकि वो वैसी बिल्कुल नहीं है जैसी दर्शक उम्मीद करते हैं. उसमें एक अपनापन है, लेकिन साथ ही एक गहरा राज भी छिपा है जो धीरे-धीरे सामने आता है. ‘नई नवेली’ ने मुझे एक ऐसा किरदार जीने का मौका दिया जो परिवार, हंसी-मजाक, जज्बातों, जादुई दुनिया और एक्शन के बीच बेहद सहजता से ढल जाता है.”
आनंद एल राय और बालाजी मोहन की टीम
फिल्म का निर्देशन जाने-माने निर्देशक बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी को हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा की हिट जोड़ी ने लिखा है. वहीं ‘रांझणा’ और ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी ब्लॉकबस्टर देसी फिल्में देने वाले आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने इसे प्रोड्यूस किया है. फिल्म में संगीत साउथ के मशहूर कंपोजर जी.वी. प्रकाश कुमार का है. दशहरे के त्योहारी सीजन यानी 16 अक्टूबर 2026 को थिएटर में रिलीज हो रही यह फैंटेसी फैमिली-एंटरटेनर बॉक्स ऑफिस पर क्या नया धमाल मचाती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं!

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More