sports

NAM vs SA: साउथ अफ्रीका में जन्मा, अब बना उसकी ही हार का कारण, नामीबिया को दूसरी बार मिली जीत

August 28, 2026

NAM vs SA: साउथ अफ्रीका में जन्मा, अब बना उसकी ही हार का कारण, नामीबिया को दूसरी बार मिली जीत

तेज गेंदबाज रूबेन ट्रंपनमैन (बीच में) ने नामीबिया की जीत में बड़ी भूमिका निभाईImage Credit source: Namibia Cricket

साउथ अफ्रीका क्रिकेट का चौंकाने वाले नतीजों से पुराना नाता रहा है. चाहे वर्ल्ड कप में बारिश के कारण शिकस्त हो या सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के साथ मैच टाई हो या फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 438 रन चेज कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना हो. ये सब साउथ अफ्रीका क्रिकेट की पहचान बन चुके हैं. मगर छोटी टीमों के खिलाफ उलटफेर का शिकार होना भी इस पहचान का हिस्सा बन गया है. पहले नीदरलैंड ने इसे अंजाम दिया और अब नामीबिया भी यही कर रही है, जिसने 10 महीने के अंदर दूसरी बार साउथ अफ्रीका को टी20 मैच में हरा दिया.

वर्ल्ड कप 2027 से पहले नामीबिया की राजधानी विंडहोक में ICC की मदद से बने नए स्टेडियम की तैयारियों को परखने के लिए एक टी20 सीरीज खेली जा रही है. वनडे वर्ल्ड कप के तीनों मेजबान- साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया- इस टी20 सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं. हालांकि साउथ अफ्रीका ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों को रेस्ट दिया है और दूसरे दर्जे की टीम को उतारा है. मगर सीरीज के पहले ही मैच ने साउथ अफ्रीका की बेंच की कलई खोल दी है.

शुक्रवार 28 अगस्त को इस ट्राई-नेशन सीरीज का पहला मैच खेला गया, जिसमें मेजबान नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए. ओपनर यान फ्रीलिंक ने 38 गेंदों में सबसे ज्यादा 60 रन बनाए, जबकि उनके पार्टनर लॉरेन स्टीनकाम्प ने भी तेजी से 41 रन बटोरे. इन दोनों को छोड़कर कोई बल्लेबाज खास असर नहीं डाल सका. साउथ अफ्रीका के लिए प्रेनेलन सुब्रायन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.

मगर साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज 164 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सके. सिर्फ 86 रन पर ही टीम के 5 विकेट गिर गए थे. हालांकि, इसके बावजूद विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर थे औ टीम की उम्मीद बने हुए थे. मगर 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रेविस आउट हुए और फिर टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई. आखिरी 13 गेंदों में साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 12 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए. आखिरकार सिर्फ 145 रन बनाकर साउथ अफ्रीका 18 रन से हार गया.

नामीबिया और साउथ अफ्रीका के बीच ये सिर्फ दूसरा ही टी20 मैच था और संयोग से दोनों मैच नामीबिया ने जीते. टीम की पिछली जीत अक्टूबर 2025 में इसी मैदान पर आई थी. इस बार की जीत के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रूबेन ट्रंपलमैन रहे, जो 28 साल पहले साउथ अफ्रीका के ही डरबन शहर में जन्मे थे. ट्रंपलमैन ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट लिए, जिसमें ब्रेविस के अलावा विस्फोटक ओपनर लुआन ड्रि प्रिटोरियस भी शामिल थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button