
मुंबई लोकल की अनोखी परंपरा
Unique Mumbai Local Tradition: मुंबई में लोकल ट्रेन यहां की लाइफलाइन कही जाती है. यहां लोकल ट्रेन किसी के लिए ऑफिस पहुंचने का परिवहन है, तो किसी के लिए थकान और रोजाना की धक्कामुक्की, लेकिन इन सबके बीच मुंबई लोकल में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो हर दिन भक्ति, श्रद्धा और इंसानियत की एक अलग ही तस्वीर दिखाते हैं. भायंदर से दादर जाने वाली सुबह 10:20 बजे की लोकल ऐसी ही एक खूबसूरत पहल की गवाह बनी.
10.20 भायंदर दादर लोकल में एक अलग ही जश्न देखने को मिला. इस लोकल में ओमकार भजन मंडल ने 21 साल पूरे कर लिए. इस मौके पर 56 भोग लगाकर देवी की पूजा की गई और यात्रियों का स्वागत गुलाब के फूल बांटकर किया गया. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार, इस लोकल ट्रेन में 21 सालों से यात्री यात्रा के दौरान भजन गाते हुए जाते हैं.
साल 2006 में हुई थी इस भजन मंडली की शुरुआत
इस भजन मंडली की शुरुआत 6 अगस्त 2006 को हुई थी. तब से मंडली के कुछ सदस्य रोज पश्चिम रेलवे की भायंदर से सुबह 10:20 बजे चलने वाली लोकल में यात्रा करते हैं. यात्रा के दौरान भजन और आरती करते हुए सफर तय किया जाता है. कुछ समय के लिए यात्रियों से भरा ये डिब्बा भक्ति स्थल में बदल जाता है. भजन मंडली को इस दौरान जो पैसे प्राप्त होते हैं, उनका उपयोग जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक कामों में होता है.
हर सदस्य घर से कुछ न कुछ लाया
मंडली के 21 साल पूरे होने श्रद्धा और उत्साह के साथ जश्न मनाया गया है. मंडली के हर सदस्य अपने घर से कुछ न कुछ बनाकर या प्रसाद लेकर आए. यही सबसे विशेष बात रही. चलती लोकल में ही देवी मां को भोग अर्पित किया गया और पूजा-अर्चना व आरती की गई. सदस्यों ने केक काटकर खुशियां बांटी. यानी इसमें भक्ति के साथ-साथ आधुनिकता का रंग भी दिखा. ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने भी इसमें हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में खाद्य तेल में बड़ा खेल! FDA ने 1.19 लाख किलो ऑयल किया जब्त, 5 फर्मों पर लटका ताला

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More