इंदौर में सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने और उद्यमियों को एक मंच पर लाने के लिए उद्यम समागम-2026 का शुभारंभ हुआ। गुरु अमरदास हॉल में आयोजित दो दिवसीय आयोजन में 3100 उद्यमियों ने पंजीयन कराया है।
.
यहां उद्योगों की मौजूदा चुनौतियों, तकनीकी उन्नयन, नए बाजार, वित्तीय सुविधाओं और युवा एवं महिला उद्यमिता जैसे विषयों पर चर्चा के साथ समाधान तलाशे जा रहे हैं। प्रदर्शनी के जरिए उद्यमियों को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ B2B और B2C कारोबार के नए अवसर भी मिलेंगे।
उद्योग शुरू करने से संचालन तक उद्यमियों के साथ लघु उद्योग भारती
लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण ने कहा कि प्रदेश में नया उद्योग लगाने से लेकर उसे चलाने तक लघु उद्योग भारती उद्यमियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी भी जिले में सूक्ष्म या लघु उद्योग शुरू करने के इच्छुक उद्यमी लघु उद्योग भारती की जिला इकाई से सहयोग ले सकते हैं।
सरकार की उद्योग नीति में शामिल होते हैं सुझाव: लालवानी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि जब देश और प्रदेश की उद्योग नीति को लेकर चर्चा होती है तो लघु उद्योग भारती के सुझावों को नीतियों में शामिल किया जाता है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वावलंबन आधारित सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों का मजबूत आधार जरूरी है और लघु उद्योग भारती इस दिशा में काम कर रही है।
लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश के अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उद्यम समागम देश और प्रदेश के उद्यमियों को एक मंच पर लाने की पहल है। यहां उद्योगों की वर्तमान समस्याओं के समाधान, तकनीकी उन्नयन, नए बाजार, वित्तीय सुविधाओं, महिला एवं युवा उद्यमिता और भविष्य के उद्योगों की संभावनाओं पर संवाद किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ये पदाधिकारी मौजूद रहे
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अतीत अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश गुप्ता, मालवा प्रांत अध्यक्ष राजेंद्र दुबे, सचिव सीमा मिश्रा, उपाध्यक्ष कन्हैया लाल खत्री, संयुक्त महामंत्री राजेश गर्ग, प्रदेश सचिव शिव नारायण शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोहर काले और इंदौर महिला इकाई अध्यक्ष वर्षा जैन आदि।
आज होगा समापन, मंत्री कश्यप होंगे शामिल
उद्यम समागम का समापन 3 अक्टूबर को होगा। समापन सत्र में एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप, लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, अखिल भारतीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू, पूर्व अखिल भारतीय अध्यक्ष एवं मध्य क्षेत्र समन्वयक वज्जू भाई वागासिया, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश प्रभारी ताराचंद गोयल, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी समीर मुंदरा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। रक्षा क्षेत्र और डीआरडीओ से जुड़े विशेषज्ञ भी सत्र में मौजूद रहेंगे।
प्रदर्शनी में कारोबारी नेटवर्क और नए बाजार पर फोकस आयोजकों के मुताबिक प्रदर्शनी के जरिए उद्यमियों को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ B2B और B2C कारोबार के नए अवसर मिलेंगे। इसका उद्देश्य उत्पादों और सेवाओं को नए बाजारों तक पहुंचाने के साथ उद्यमियों के बीच कारोबारी नेटवर्क को मजबूत करना है।