world-news

MP Politics: नरोत्तम मिश्रा ने किया साफ, बीजेपी में जन्में हैं और बीजेपी में ही मरेंगे, कहीं भी जाने का कोई सवाल ही नहीं - Haribhoomi

July 13, 2026

दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह बीजेपी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी में ही जन्मे हैं और पार्टी में ही रहेंगे। मिश्रा ने टिकट नहीं मिलने पर आत्ममंथन करने की बात कही और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत का भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने दतिया उपचुनाव में पार्टी के लिए पूरी ताकत से प्रचार करने का ऐलान किया।

Narottam Mishra

पहले भी वह पार्टी से नाराज नहीं थे और आज भी किसी तरह की नाराजगी नहीं

  • Published: 13 Jul 2026, 11:40 AM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 11:40 AM IST

दतिया: विधानसभा उपचुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद उन्होंने साफ किया कि वह भारतीय जनता पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बीजेपी छोड़ने की सभी अटकलें बेबुनियाद हैं और वह जीवनभर पार्टी के साथ ही रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात पर कहा
रविवार को दिल्ली पहुंचे नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किन-किन नेताओं से उनकी बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिनसे मिलना था, उनसे मुलाकात और लंच दोनों हो चुके हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब मुलाकात होगी तो इसकी जानकारी भी सार्वजनिक रूप से देंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की चर्चाओं को भी उन्होंने खारिज कर दिया। मिश्रा ने कहा कि अमित शाह दिल्ली में मौजूद नहीं थे, इसलिए उनसे मिलने का समय भी नहीं मांगा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका दिल्ली दौरा पहले से तय था और इसे किसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

राजनीतिक कद पहले जैसा नहीं रहा
टिकट नहीं मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अब यह स्पष्ट है कि उनका राजनीतिक कद पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने कहा, "मुझे टिकट क्यों नहीं मिला, इसके लिए मैं किसी और को जिम्मेदार नहीं ठहराऊंगा। मैं खुद आत्ममंथन करूंगा।" उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है और अब वह एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह संगठन के लिए काम करेंगे।

बीजेपी छोड़ने की अटकलों पर दो टूक कहा
बीजेपी छोड़ने की अटकलों पर उन्होंने दो टूक कहा, "नरोत्तम मिश्रा बीजेपी में जन्मा है और बीजेपी में ही मरेगा। कहीं और जाने का सवाल ही नहीं उठता।" उन्होंने कहा कि पहले भी वह पार्टी से नाराज नहीं थे और आज भी किसी तरह की नाराजगी नहीं है।
दतिया उपचुनाव को लेकर मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें अच्छा नेता बताते हुए कहा कि उनकी जीत तय है। उन्होंने यह भी कहा कि वह आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे और पूरी ताकत के साथ भाजपा के लिए प्रचार करेंगे।

कांग्रेस पर निशाना साधते कहा
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को लेकर उनकी राय पहले जैसी ही है। उन्होंने कहा कि दतिया में मुकाबला चाहे किसी से भी हो, भाजपा की जीत निश्चित है।
शनिवार रात मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री के साथ उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और दतिया में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई।