world-news

MP की यूनिवर्सिटी के कुलपति समेत 3 गिरफ्तार: राजस्थान PTI भर्ती में फर्जी-बैकडेट डिग्री का खुलासा; 66 कैंडिडेट्स की डिग्री संदेह में - Bhopal News

August 25, 2026

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की शारीरिक शिक्षक (PTI) भर्ती परीक्षा-2022 में फर्जी और बैकडेट BP.Ed. डिग्री के मामले में राजस्थान SOG ने सीहोर की यूनिवर्सिटी के कुलपति समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में परीक्षा नियंत्रक संजय राठौड़

.

SOG की जांच में सामने आया है कि PTI भर्ती में इसी यूनिवर्सिटी की BP.Ed. डिग्री लगाने वाले 66 कैंडिडेट्स हैं। इनमें से अधिकांश डिग्रियां प्रथम दृष्टया बैकडेट में जारी होने की बात सामने आई है। अब इन सभी डिग्रियों और यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

7 महीने पहले भोपाल-सीहोर में हुई थी SOG की सर्च

इसी मामले में करीब 7 महीने पहले राजस्थान SOG ने भोपाल और सीहोर में सर्च ऑपरेशन चलाया था। सीहोर स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस समेत 4 ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे। भोपाल में अरेरा कॉलोनी स्थित कपूर हाउस, यूनिवर्सिटी प्रबंधन के CA का निवास और गांधी नगर स्थित एक कॉलेज में भी सर्च की गई थी। जब्त सामग्री की जांच के दौरान यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई।

भारमल के नाम से दो फीस लेजर मिले

SOG ने यूनिवर्सिटी से रिकॉर्ड और कंप्यूटर डाटा जब्त कर उनका फॉरेंसिक और वित्तीय परीक्षण कराया। जांच में सामने आया कि मूल अभ्यर्थी भारमल राम के नाम से यूनिवर्सिटी में दो अलग-अलग फीस लेजर अकाउंट बनाए गए थे। इन लेजर में एंट्री बाद की तारीखों में की गई थी, जबकि रिकॉर्ड को पुरानी तारीख का दिखाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित PTI भर्ती परीक्षा का परिणाम 21 अक्टूबर 2022 को जारी हुआ था, जबकि फीस लेजर में एंट्री इसके बाद की तारीखों में हुई थी।

डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी पाने का मामला

मामला सांचौर जिले के धानता निवासी भारमल राम से जुड़ा है। उसने 25 दिसंबर 2022 को हुई PTI भर्ती परीक्षा में आवेदन किया था। जांच में उसके द्वारा पेश की गई BP.Ed. डिग्री फर्जी और बैकडेट में जारी होने के तथ्य सामने आए। भारमल राम को SOG पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके खिलाफ जांच पूरी कर चालान कोर्ट में पेश किया जा चुका है। अब यूनिवर्सिटी के कुलपति समेत 3 लोगों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है।

यूनिवर्सिटी में BP.Ed. की 100 सीटें

यूनिवर्सिटी में BP.Ed. की 100 सीटें स्वीकृत हैं। SOG के मुताबिक भर्ती परीक्षा से पहले के सत्रों में यहां से BP.Ed. करने वाले विद्यार्थियों में राजस्थान के अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा रही। यह भी जांच में संदेह का विषय बना हुआ है। SOG अब 66 अभ्यर्थियों की डिग्री, यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड, फीस लेजर और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।