Sep 07, 2026 03:27 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, हैदराबाद

तेलंगाना विधानसभा के बाहर सोमवार को भारी हंगामा हुआ, जब विपक्षी दलों के विधायक राज्य की कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए स्लोगन लिखा ब्लैक टी-शर्ट पहनकर पहुंचे लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें घुसने नहीं दिया।

तेलंगाना विधानसभा के बाहर BRS विधायकों की सुरक्षा बलों के साथ भिड़ंत हो गई।
दक्षिणी राज्य तेलंगाना में आज (सोमवार, 7 सितंबर) को विधानसभा के बाहर तब भारी हंगामा मच गया, जब विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (BRS) के विधायक बड़ी संख्या में काली टी-शर्ट पहनकर वहां पहुंच गए और सदन के अंदर जाने की कोशिश करने लगे। तभी असेंबली के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर घुसने से रोक दिया। इसके बाद देखते ही देखते विधायकों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी भिड़ंत हो गई। दरअसल, BRS के विधायक रेवंत रेड्डी की अगुवाई वाली राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा चुनावी वादे पूरे न करने के विरोध में ये टी-शर्ट पहने हुए थे।
विधानसभा गेट पर तनाव और भिड़ंत की स्थिति उत्पन्न होने के बाद BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव और सदन में BRS के उप-नेता टी हरीश राव समेत कई अन्य विधायकों को गिरफ्तार कर तेलंगाना भवन ले जाया गया। बता दें कि विपक्षी दल के ये विधायक "कांग्रेस 1000 दिनों में वादे पूरे करने में नाकाम रही" लिखे स्लोगन वाली काली टी-शर्ट पहन कर विधानसभा पहुंचे थे और सदन के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें सुरक्षा बलों ने रोक दिया और उन्हें कहा कि स्लोगन वाली टी-शर्ट पहनकर अंदर नहीं जा सकते। इसके बाद पुलिस और विधायकों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
KTR समेत कई को आईं चोटें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस धक्का मुक्की और तीखी बहस के दौरान BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव, पूर्व मंत्री जी जगदीश रेड्डी और अन्य को मामूली चोटें आईं। आरोप है कि पुलिस ने किनारे खड़ी BRS की महिला विधायकों को भी धक्का दिया। विधायक वी सुनीता लक्ष्मा रेड्डी, जो पी सबिता इंद्रा रेड्डी और कोवा लक्ष्मी के साथ थीं, को मामूली चोटें आईं; आरोप है कि पुलिस ने उनके पैरों को कुचला। BRS ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके विधायकों के स्टाफ के साथ बदसलूकी की और रामा राव के PRO महेश पर हमला किया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
विवाद बढ़ने पर विधायकों ने अपनी टी-शर्ट उतार दीं
रामा राव ने काली शर्ट पहनकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के साथ अलग-अलग व्यवहार पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में लोकतांत्रिक विरोध के तौर पर काली शर्ट कैसे पहन सकते हैं, जबकि तेलंगाना में BRS विधायकों को ऐसा करने से रोका गया। पुलिस द्वारा अंदर जाने की अनुमति न दिए जाने के बाद, हरीश राव समेत BRS विधायकों ने अपनी टी-शर्ट उतार दीं और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए अंदर जाने की मांग की लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर तेलंगाना भवन भेज दिया।
420 वादे पूरे नहीं कर पाई कांग्रेस सरकार
हालांकि, सामान्य कपड़े पहने BRS सदस्यों को अंदर जाने दिया गया। दूसरी तरफ, BRS के उप-नेता तलसानी श्रीनिवास यादव, पी सबिता इंद्रा रेड्डी, विधायक वी सुनीता लक्ष्मा रेड्डी, कोवा लक्ष्मी और माधवराम कृष्णा राव अपने साथी BRS विधायकों के साथ पुलिस की मनमानी के विरोध में विधानसभा लॉबी के प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गए। इससे पहले, विधानसभा जाने से पहले BRS विधायकों ने गन पार्क स्थित तेलंगाना शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। गन पार्क में बोलते हुए, रामा राव ने मांग की कि सत्र को एक महीने तक बढ़ाया जाए ताकि सरकारी कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सर्वेक्षकों सहित सभी वर्गों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके। उन्होंने सत्ताधारी कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह 420 वादे करके सत्ता में आई थी और 100 दिनों के भीतर उन्हें पूरा करने का वादा करने के बावजूद, 1,000 दिन बीत जाने पर भी उन्हें पूरा करने में नाकाम रही।