world-news

मार्क जकरबर्ग के Meta पर लगा 2.36 लाख करोड़ का जुर्माना, यूजर्स के पर्सनल डेटा ब्रीच का है आरोप!

October 22, 2026

फेसबुक और इंस्टाग्राम चलाने वाली कंपनी Meta को अमेरिका में बड़ा झटका लगा है. न्यू मैक्सिको की एक अदालत ने कंपनी को यूजर डेटा और प्राइवेसी से जुड़े मामले में 25 अरब डॉलर यानी करीब 2.36 लाख करोड़ रुपये की सिविल पेनल्टी देने का आदेश दिया है. यह मामला इस बात से जुड़ा है कि कंपनी ने लोगों को उनके निजी डेटा के इस्तेमाल, उसे दूसरों के साथ शेयर करने और प्लेटफॉर्म पर नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को लेकर क्या जानकारी दी थी.

कैंब्रिज अनालिटिका याद है? 

यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि इसकी जड़ें 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान सामने आए Cambridge Analytica विवाद तक जाती हैं. उस समय फेसबुक के लाखों यूजर्स की निजी जानकारी का इस्तेमाल राजनीतिक विज्ञापनों के लिए किए जाने का मामला दुनिया भर में चर्चा में आया था. अब न्यू मैक्सिको में अदालत के फैसले ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि बड़ी टेक कंपनियां यूजर्स के डेटा को लेकर कितनी जवाबदेह हैं.

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें: शॉर्ट वीडियोज के ट्रेंड के चक्कर में Meta ने फेसबुक की पहचान ही बदल दी, नए बदलाव जान कर होंगे हैरान

हालांकि, इस फैसले को Meta पर अंतिम रूप से वसूली जा चुकी रकम समझना गलत होगा. कंपनी ने पहले ही फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है. ऐसे में आगे कानूनी लड़ाई जारी रह सकती है. लेकिन ये साफ है कि अब यहां से Meta की राह आसान तो नहीं होने वाली है. कैंब्रिज अनालिटिका केस के बाद से फेसबुक पर डेटा मिसयूज करने के आरोप लगते आए हैं. 

आखिर Meta पर क्यों लगा ₹2.36 लाख करोड़ का जुर्माना?

अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य ने साल 2021 में Meta के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. राज्य का आरोप था कि फेसबुक ने लोगों को अपने डेटा की सुरक्षा और इस्तेमाल को लेकर भ्रामक जानकारी दी. आरोपों में यह भी शामिल था कि कंपनी ने यूजर्स को यह भरोसा दिलाया कि उनका निजी डेटा किस तरह साझा किया जाता है, इस पर उनका नियंत्रण है, जबकि तीसरे पक्ष के ऐप के जरिए बड़ी मात्रा में जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकी.

मामले की सुनवाई के दौरान कंपनी के बयानों और उसकी नीतियों पर सवाल उठाए गए. इसमें यह भी जांचा गया कि फेसबुक ने अपने प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी और नफरत फैलाने वाले कंटेंट को रोकने के प्रयासों के बारे में लोगों को क्या बताया था.

यह भी पढ़ें: पॉलिटिकल कंटेंट में छोटे बच्चों का इस्तेमाल क्यों? मानवाधिकार आयोग ने META को भेजा नोटिस

सितंबर 2026 में जूरी ने पाया कि कंपनी के 29 बयानों में से 26 भ्रामक थे. जूरी ने न्यू मैक्सिको के उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत कंपनी को करीब 4.39 करोड़ उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार माना. इसके बाद अदालत ने 21 अक्टूबर 2026 को 25 अरब डॉलर की सिविल पेनल्टी तय की.

यह रकम भारतीय रुपये में करीब ₹2.36 लाख करोड़ बैठती है. यानी यह कोई कुछ हजार करोड़ रुपये का मामला नहीं, बल्कि लाखों करोड़ रुपये की रकम है. इसीलिए इसे अमेरिका में किसी कंपनी के खिलाफ सबसे बड़े वित्तीय फैसलों में से एक माना जा रहा है.

Cambridge Analytica विवाद से कैसे जुड़ा है मामला?

इस पूरे विवाद को समझने के लिए करीब एक दशक पीछे जाना होगा. साल 2018 में फेसबुक से जुड़े Cambridge Analytica मामले ने दुनिया भर में हलचल मचा दी थी. आरोप था कि एक थर्ड-पार्टी ऐप के जरिए करीब 8.7 करोड़ फेसबुक प्रोफाइल का डेटा हासिल किया गया और उसका इस्तेमाल राजनीतिक विज्ञापनों को टारगेट करने के लिए किया गया.

कैंब्रिज अनालिटिका एक राजनीतिक सलाह देने वाली कंपनी थी. इस विवाद ने यह सवाल उठाया कि फेसबुक पर लोग जो जानकारी शेयर करते हैं, वह कितनी सुरक्षित है और क्या उन्हें पता होता है कि उनका डेटा किन लोगों या कंपनियों तक पहुंच सकता है.

यह भी पढ़ें: बच्चों के लिए Meta का बड़ा एक्शन! Instagram पर लगेगी 2 घंटे की लिमिट

न्यू मैक्सिको का मुकदमा इसी विवाद से जुड़ा है, लेकिन इसकी सुनवाई केवल पुराने डेटा मामले तक सीमित नहीं रही. इसमें कंपनी के प्राइवेसी संबंधी बयानों, थर्ड-पार्टी ऐप की पहुंच और नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को लेकर किए गए दावों पर भी सवाल उठे.

राज्य का आरोप था कि कंपनी ने लोगों को यह भरोसा दिलाने वाले बयान दिए कि उनका डेटा सुरक्षित है और उसका गलत इस्तेमाल रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. जूरी ने कई बयानों को भ्रामक पाया. इसी आधार पर कंपनी को कानून के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार माना गया.

4.39 करोड़ उल्लंघनों की गिनती कैसे हुई?

इस मामले में जुर्माने की रकम इतनी बड़ी होने की एक बड़ी वजह उल्लंघनों की संख्या है. न्यू मैक्सिको के कानून के तहत हर जानबूझकर किए गए उल्लंघन पर अधिकतम 5,000 डॉलर तक की सिविल पेनल्टी लगाई जा सकती है.

जूरी ने करीब 4.39 करोड़ उल्लंघन माने. राज्य की दलील थी कि कंपनी के भ्रामक बयानों को देखने या सुनने वाले संभावित लोगों की संख्या के आधार पर उल्लंघनों की गिनती की जा सकती है. इसी आधार पर राज्य ने अदालत से भारी पेनल्टी लगाने की मांग की.

यह भी पढ़ें: पोर्न ऐप के नाम पर साइबर ठगी का नया खतरा, Facebook-Instagram Ads से APK डाउनलोड करा रहे ठग, I4C की एडवाइजरी

राज्य के वकीलों ने पहले 35 अरब से 40 अरब डॉलर तक की पेनल्टी की मांग की थी. वहीं Meta ने कहा था कि इतनी बड़ी रकम अनुचित होगी और कानून के तहत उसके अधिकारों का उल्लंघन करेगी. कंपनी ने बहुत कम पेनल्टी लगाए जाने की दलील दी.

जज ने शुरुआत में 219 अरब डॉलर से अधिक की रकम पर विचार किया, लेकिन आखिरकार इसे घटाकर 25 अरब डॉलर कर दिया. भारतीय मुद्रा में 219 अरब डॉलर करीब ₹20.7 लाख करोड़ बैठते हैं, जबकि अदालत की ओर से तय 25 अरब डॉलर करीब ₹2.36 लाख करोड़ हैं. दोनों रकम में बहुत बड़ा अंतर है.

Meta का क्या कहना है?

Meta ने इस फैसले को चुनौती देने की बात कही है. कंपनी का पक्ष रहा है कि उसने यूजर्स को जानबूझकर गुमराह नहीं किया और न्यू मैक्सिको राज्य ने अपने आरोपों को पर्याप्त रूप से साबित नहीं किया. कंपनी ने यह भी दलील दी कि इतनी बड़ी रकम का जुर्माना कानून और संविधान के तहत सवालों के घेरे में आ सकता है.

अब अपील की प्रक्रिया में कंपनी उल्लंघनों की गिनती, राज्य के कानून के इस्तेमाल और पेनल्टी की रकम को चुनौती दे सकती है. कानूनी जानकारों ने भी संकेत दिया है कि अपील में जुर्माने की रकम कम किए जाने की संभावना पर बहस हो सकती है.

आम यूजर के लिए इस फैसले का क्या मतलब है?

यह मामला हर उस व्यक्ति के लिए एक चेतावनी है जो सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें, लोकेशन, पसंद, संपर्क और दूसरी निजी जानकारी साझा करता है. किसी ऐप को फेसबुक अकाउंट से जोड़ते समय यह समझना जरूरी है कि वह किन जानकारियों तक पहुंच मांग रहा है. जरूरत से ज्यादा परमिशन देने से बचना चाहिए और समय-समय पर अपने अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स की जांच करनी चाहिए.

---- समाप्त ----