world-news

दिल्ली के MCD सदन में 'महाभारत'...पार्षदों के फंड को लेकर हंगामा; माइक तोड़े, मेयर की टेबल से उड़ाए कागज

October 22, 2026

दिल्ली के MCD सदन में ‘महाभारत’…पार्षदों के फंड को लेकर हंगामा; माइक तोड़े, मेयर की टेबल से उड़ाए कागज

दिल्ली MCD सदन में खूब हुआ हंगामा

दिल्ली नगर निगम सदन की बैठक में पार्षदों के फंड और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी बहस के दौरान माइक छीनने, धक्का-मुक्की करने और कागज हवा में उछालने की घटनाएं सामने आईं. हंगामा इतना बढ़ गया कि नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने माइक उठाकर फेंक दिया, जबकि आप पार्षद शगुफ्ता चौधरी मेयर की टेबल तक पहुंच गईं और वहां रखे कागज हवा में उड़ा दिए. बाद में मेयर प्रवेश वाही ने किसी तरह सदन का एजेंडा पास कराया और कार्यवाही स्थगित कर दी.

एमसीडी (MCD) की बैठक में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने पार्षदों के विकास फंड का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षदों के लिए हर साल दो करोड़ रुपये निर्धारित किए जाने की मांग के बावजूद केवल 50 लाख रुपये दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन में स्वच्छता, यमुना की सफाई, प्रदूषण, छठ पर्व की तैयारियों और सत्य निकेतन में पीजी से जुड़े मुद्दे उठाए, लेकिन इन सवालों पर चर्चा करने के बजाय हंगामा किया गया.

नारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षद नाजिया दानिश बीजेपी की स्क्रिप्ट पढ़ रही थीं. उन्होंने कहा कि नाजिया दानिश ने आप पार्षद शगुफ्ता चौधरी के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे विवाद बढ़ा और शगुफ्ता को चोट भी लगी. नारंग ने मेयर और कांग्रेस पार्षद से माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर विपक्ष सदन नहीं चलने देगा.

नाजिया दानिश के बयान पर बढ़ा विवाद

सदन में कांग्रेस पार्षद नाजिया दानिश और आप पार्षद शगुफ्ता चौधरी के बीच बहस उस समय तेज हो गई, जब नाजिया दानिश ने आम आदमी पार्टी के शासनकाल में राजेंद्र नगर में हुए हादसे का जिक्र किया, जिसमें बच्चों की जान चली गई थी। इस दौरान धार्मिक पहचान को लेकर भी टिप्पणी हुई.

नाजिया दानिश के बयान के बाद शगुफ्ता चौधरी ने विरोध जताया. बहस बढ़ने पर दोनों पक्षों के पार्षद आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया और पार्षद एक-दूसरे से माइक छीनते तथा धक्का-मुक्की करते नजर आए.

‘मैं भी मुस्लिम हूं, लेकिन कमजोर नहीं हूं’

आम आदमी पार्टी की पार्षद शगुफ्ता चौधरी ने कहा कि वह भी मुस्लिम हैं और किसी को अपनी धार्मिक पहचान के आधार पर खुद को दूसरों से ऊपर दिखाने की कोशिश नहीं करनी चाहि. उन्होंने कहा कि वह चाहतीं तो थप्पड़ मार सकती थीं, लेकिन वह कलम का इस्तेमाल करती हैं और कमजोर नहीं हैं.

शगुफ्ता ने कहा कि उन्हें हिंदू, मुस्लिम और पूर्वांचल के लोगों सहित सभी वर्गों का समर्थन मिला है, जिसके आधार पर वह चुनाव जीतकर सदन में पहुंची हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह विकास कार्यों के लिए बजट की मांग कर रही थीं, तब उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि सदन में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.

मेयर ने की घटना की निंदा, कार्रवाई की चेतावनी

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने हंगामे की निंदा करते हुए कहा कि निगम सदन की बैठक जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए होती है. बैठक में विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव पास किए गए, लेकिन विपक्ष ने सदन की कार्यवाही बाधित की.

मेयर ने कहा कि हंगामे के जरिए निगम की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन के नियमों के तहत आप पार्षदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्षदों को मंच तक नहीं पहुंचना चाहिए था और अगर किसी ने अभद्रता की है, तो उसे माफी मांगनी चाहिए.

पहले कांग्रेस में थीं शगुफ्ता चौधरी

दरअसल, शगुफ्ता चौधरी पहले कांग्रेस से पार्षद चुनी गई थीं, लेकिन बाद में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था. सदन में उनके और कांग्रेस पार्षद नाजिया दानिश के बीच हुई तीखी बहस के बाद राजनीतिक विवाद और गहरा गया है. पार्षदों के फंड से शुरू हुआ विवाद धार्मिक पहचान और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया. हंगामे के बीच मेयर ने एजेंडा पास कराया और इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.

ये भी पढ़ें: छठ से पहले यमुना की सफाई पर हलचल तेज, दिल्ली सरकार खर्च करेगी 8941 करोड़, बनाया ये खास प्लान

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button