entertainment

Mary Kom Interview Exclusive: अरिश्फा को बताया 'फुटेज भूखी'... बिग बॉस 20 से एविक्ट होते ही मैरी कॉम ने खोली सबकी पोल!

October 27, 2026

Mary Kom Interview Exclusive: कलर्स टीवी के बहुचर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में भारत की स्टार बॉक्सर मैरी कॉम का सफर खत्म हो गया. घर से एविक्ट होने के बाद मैरी कॉम ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की एक्सक्लूसिव बातचीत में बिग बॉस के घर के अंदर बीते दिनों, कंटेस्टेंट्स के असली चेहरों और खुद पर उठे सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए हैं.

28 सालों तक रिंग में देश का नाम रोशन करने वाली मैरी कॉम ने बताया कि टेलीविजन का यह अनुभव उनके खेल जीवन से बिल्कुल अलग था और वे यहां सिर्फ एक नया अनुभव हासिल करने आई थीं.

मैरी कॉम ने दिए इन सवालों के जवाब

सवाल 1: 20 सालों तक देश के लिए रिंग में फाइट करने और दर्जनों मेडल जीतने के बाद, बिग बॉस जैसा टेलीविजन शो करने का ख्याल मन में कैसे आया?

मैरी कॉम: देखिए, मैं एक स्पोर्ट्सपर्सन हूं और मैंने पिछले 20 सालों में देश के लिए काफी योगदान दिया है. लेकिन टेलीविजन और इस तरह के रियलिटी शोज का मुझे कोई अनुभव नहीं था. ब्रांड्स के शूट तो कुछ घंटों के होते हैं, पर 24 घंटे कैमरों के बीच रहना और शो को प्रमोट करना बिल्कुल अलग अनुभव है. मैं बस इस पूरे प्रोसेस को समझना चाहती थी और एक नया एक्सपीरियंस लेना चाहती थी.

सवाल 2: शो की शुरुआत में ही कंटेस्टेंट माही ने आपके योगदान पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ‘हमने भी देश के लिए काम किया है’. आपके फैंस को बहुत गुस्सा आया था कि आपने उस वक्त पलटकर करारा जवाब क्यों नहीं दिया?

मैरी कॉम: (तंज कसते हुए) कौन सा देश? असल में बात ये थी कि मेरी हिंदी थोड़ी कमजोर है, खासकर ग्रामर और अंडरस्टैंडिंग (समझने) में. घर में जब लोग लड़ाई के दौरान एक-दूसरे पर बहुत तेजी से चिल्लाते हैं, तो मुझे तुरंत बात समझ ही नहीं आती. सलमान सर ने भी कहा था कि एक की सुनो फिर जवाब दो. अगर मुझे उस वक्त उनकी बोली हुई बात ठीक से समझ आ गई होती, तो मैं कम से कम उन्हें वहीं मुंहतोड़ जवाब तो जरूर देती.

सवाल 3: ‘वीकेंड का वार’ में स्काउट और लव गिल की नजदीकियों पर काफी बवाल हुआ. घर के अंदर रहते हुए क्या आपको कभी लगा कि स्काउट ने लिमिट क्रॉस की है?

मैरी कॉम: स्काउट अपनी पर्सनल लाइफ में अच्छा इंसान हो सकता है, लेकिन शो में भाई-बहन के नाम पर जो चल रहा था, उसे देखते-देखते हमें आदत सी हो गई थी. मुझे इस बात का अफसोस है कि मुझे बाहर के माहौल का अंदाजा नहीं था. काश मुझे सही से पता होता तो मैं घर के अंदर रहते हुए ही स्काउट को कोने में ले जाकर समझा देती कि क्या सही है और क्या गलत.

सवाल 4: होस्ट सलमान खान के साथ आपकी बॉन्डिंग कैसी रही और उनकी कौन सी सीख आप हमेशा याद रखेंगी?

मैरी कॉम: सलमान सर के साथ मेरा अनुभव बहुत शानदार रहा, मैंने बहुत एन्जॉय किया. उनकी सबसे बड़ी सलाह यही थी कि हमेशा अपना ‘स्टैंड’ लो. जिंदगी भर अपने हक के लिए स्टैंड लेकर आगे बढ़ना ही मेरी सबसे बड़ी सीख रहेगी.

रैपिड फायर: मैरी कॉम ने खोली घरवालों की पोल-पट्टी

  • घर का मास्टरमाइंड: माही को मैरी कॉम ने घर का सबसे बड़ा दिमाग और मास्टरमाइंड बताया.
  • घर का गधा / साइडकिक: काजी को मैरी कॉम ने इस टैग के लिए चुना और कहा कि माही और काजी का कनेक्शन काफी गहरा है.
  • फुटेज का भूखा और ड्रामेबाज: मैरी कॉम ने बिना सोचे अरिश्फा का नाम लिया और कहा कि वह कैमरा और फुटेज के लिए सबसे ज्यादा नाटक करती है.
  • दोगलेपन का अवॉर्ड: मैरी कॉम ने आसिफ खान को घर का सबसे ‘दोगला’ सदस्य बताया.
  • सच्ची दोस्ती: मैरी कॉम के मुताबिक घर में गुल्लू की दोस्ती सबसे सच्ची लगती है.
  • विजेता के दावेदार: मैरी कॉम का मानना है कि अम्रपाली दुबे और माही में विनर बनने की क्वालिटी है क्योंकि दोनों खेल को दिमाग से खेल रही हैं.भविष्य में फिर से किसी रियलिटी शो में जाने के सवाल पर मैरी कॉम ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे इस पर विचार करेंगी. उन्होंने अपने तमाम फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि बिग बॉस के सफर में मिले प्यार के लिए वे हमेशा आभारी रहेंगी.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button