ग्वालियर35 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पति के पार्किंग में जाते ही चिड़ियाघर के बाहर से गायब हुई सुहाना।
ग्वालियर के फूलबाग स्थित चिड़ियाघर के बाहर 6 अक्टूबर को शिवपुरी की 18 वर्षीय सुहाना रजक पति के पार्किंग में जाने के बाद एक बाइक सवार के साथ चली गई थी। पति 26 सेकंड बाद लौटा, तो सुहाना वहां नहीं मिली। CCTV फुटेज में वह दूसरी बाइक पर बैठकर जाती दिखाई दी थी। 20 दिन बाद लौटने पर सुहाना ने पुलिस को बताया कि वह भागी नहीं थी, बल्कि बाइक सवार से लिफ्ट लेकर गई थी।
उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। वहां रास्ता भटकने के बाद वह एक झोंपड़ी में रहने लगी। अब वह न पति के साथ जाना चाहती है और न ही किसी बॉयफ्रेंड के साथ जाने की बात स्वीकार कर रही है। पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है।
पति के लौटते ही गायब हो गई थी सुहाना
मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी 21 वर्षीय करण रजक 6 अक्टूबर को एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने ग्वालियर आया था। वह बाइक से आया था और उसकी पत्नी सुहाना रजक (18 साल 9 माह) भी उसके साथ थी। दोनों की शादी को पांच महीने हुए थे। रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम के बाद सुहाना ने ग्वालियर का चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई। इसके बाद करण उसे लेकर बाइक से चिड़ियाघर पहुंचा।
दोपहर 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने पति से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक पार्क करने गया और 3 बजकर 9 मिनट 55 सेकंड पर लौटा, तो सुहाना वहां नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। कई बार कॉल करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद करण ने अपने घर, सुहाना के घर और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। फिर पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी गई।

चिड़ियाघर के सामने पति बाइक से छोड़कर पार्किंग के लिए जाता हुआ
CCTV में दूसरी बाइक पर बैठकर जाती दिखी
पुलिस ने CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में करण के बाइक लेकर जाने के बाद तेज रफ्तार से दूसरी बाइक आती दिखी। सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।
20 दिन बाद लौटने पर पुलिस ने सुहाना से पूछताछ की। उसने बताया कि वह बाइक सवार के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। इसके बाद वह रास्ता भटक गई और एक झोंपड़ी में रहने लगी।
पुलिस ने उससे पूछा कि जब वह पति के साथ चिड़ियाघर घूमने आई थी, तो पति के पार्किंग में जाते ही उसे कहां जाना था कि उसने लिफ्ट ली। अगर उसने लिफ्ट ही ली थी, तो वह दौड़कर बाइक पर क्यों बैठी? मोतीझील में जिस झोंपड़ी में रहने की बात कह रही है, वह कहां है? पुलिस के इन सवालों पर उसने कोई जवाब नहीं दिया।
पति और बॉयफ्रेंड, दोनों के साथ जाने से इनकार
सुहाना के लौटने के बाद पुलिस ने उसके पति करण को बुलाया। बयान लेने के बाद पुलिस ने जब उसे पति के साथ शिवपुरी भेजने की बात कही, तो उसने जाने से मना कर दिया। पुलिस ने बालिग होने के नाते उसे बॉयफ्रेंड के साथ जाने का विकल्प भी दिया, लेकिन उसने इससे भी इनकार कर दिया। उसका कहना है कि उसका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। पति और बॉयफ्रेंड, दोनों के साथ जाने से इनकार करने पर पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है।
100 से ज्यादा स्पॉट के CCTV फुटेज खंगाले
सुहाना की तलाश में पुलिस ने 100 से ज्यादा स्पॉट पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। उसके मोबाइल की लोकेशन मुरैना के एक गांव में मिली थी। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, उसकी लोकेशन लगातार ग्वालियर के आसपास के शहरों में आ रही थी।
तीन साल में तीन बार घर से गायब हुई
पुलिस जांच और रिकॉर्ड के मुताबिक, सुहाना पिछले तीन साल में तीन बार घर से गायब हो चुकी है।
- पहली बार: वह मुरैना से गायब हुई थी। उस समय पुलिस ने उसे ढूंढ लिया था।
- दूसरी बार: दो साल पहले, जब वह नाबालिग थी, महाराजपुरा के डीडी नगर से अरमान नाम के युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे बरामद किया था और अरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
- तीसरी बार: साल 2026 में बालिग होने के बाद परिजनों ने उसकी शादी शिवपुरी में करा दी। शादी के बाद वह पति के साथ ग्वालियर आई और 6 अक्टूबर को चिड़ियाघर के बाहर से गायब हो गई।
पांच सवाल जिनके नहीं दिए जवाब
जिस बाइक सवार के साथ वह गई थी, वह कौन था?
लिफ्ट ली थी, तो दौड़कर बाइक पर क्यों बैठी?
मोतीझील में जिस झोंपड़ी में रहने की बात कही, वह कहां है?
जब वह ग्वालियर में ही थी, तो मोबाइल की लोकेशन मुरैना कैसे आई?
अगर वह भागी नहीं थी, तो पति के साथ जाने से इनकार क्यों कर रही है?
पुलिस का कहना
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक, युवती अपने आप वापस लौटी है। पड़ाव थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी, इसलिए उसके बयान लिए गए हैं। वह लिफ्ट लेकर जाने की बात कह रही है। फिलहाल उसे नारी निकेतन भेजा जा रहा है।
.