
मानव सुथार का काउंटी चैंपियनशिप में जलवा. (फोटो- PTI)
Manav Suthar In County Championship: इंग्लैंड के साउथैंप्टन में खेले गए काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 मुकाबले में भारतीय युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी फिरकी का ऐसा जाल बुना कि विरोधी टीम चारों खाने चित हो गई. वॉरिकशर की तरफ से खेलते हुए सुथार ने मैच की दोनों पारियों में घातक गेंदबाजी की और कुल 7 विकेट अपनी झोली में डाले. सुथार की शानदार गेंदबाजी के दम पर वॉरिकशर ने हैम्पशर को पारी और 129 रनों के बड़े अंतर से मात दी.
पहली पारी में सुथार ने झटके 3 विकेट
मुकाबले में हैम्पशर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन वॉरिकशर के बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया. सलामी बल्लेबाज रॉब येट्स ने 208 गेंदों पर 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 109 रनों की शतकीय पारी खेली. वहीं, मिडिल ऑर्डर में सैम हेन ने 90 रन, डैन मौसली ने 77 रन और काय स्मिथ ने 51 रन का बेहतरीन योगदान देकर टीम का स्कोर पहली पारी में 398 रन तक पहुंचाया. जिसके दबाव में हैम्पशर की पहली पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.
मानव सुथार ने काफी कसी हुई लाइन पर गेंद डालते हुए 16 ओवर में सिर्फ 42 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. साथी तेज गेंदबाज इथान बांबर और ओलिवर हानन ने भी 3-3 विकेट लेकर हैम्पशर को पहली पारी में सिर्फ 115 रनों पर ऑलआउट कर दिया.
फॉलोऑन के बाद फिर गरजी फिरकी
पहली पारी के आधार पर वॉरिकशर को 283 रनों की विशाल बढ़त मिली, जिसके बाद उन्होंने हैम्पशर को फॉलोऑन दिया. दूसरी पारी में भी हैम्पशर के बल्लेबाजों के पास भारतीय स्पिनर का कोई तोड़ नहीं था. दूसरी पारी में मानव सुथार ने 23.3 ओवर में 52 रन देकर 4 अहम विकेट अपने नाम किए. जिसके चलते पूरी हैम्पशर टीम दूसरी पारी में सिर्फ 154 रनों पर सिमट गई, जिससे वॉरिकशर ने पारी और 129 रनों से एकतरफा जीत दर्ज कर ली.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More