world-news

Maharishi Valmiki Jayanti 2026: आज है महर्षि वाल्मीकि जयंती, नोट करें शुभ मुहूर्त और उनके जीवन से जुड़ी रोचक बातें

October 26, 2026

Maharishi Valmiki Jayanti 2026: आज यानी 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाई जा रही है. महर्षि वाल्मीकि संस्कृत साहित्य के आदिकवि, रामायण के रचयिता माने जाते हैं. भारतीय संस्कृति में उनका खास स्थान होता है. उनकी रचना रामायण में भगवान राम के जीवन, सीता विवाह, वनवास, सीता हरण से लेकर रावण के साथ युद्ध का वर्णन किया गया है. इस खास अवसर पर देशभर में भक्त महर्षि वाल्मीकि को याद कर रहे हैं और उनकी पूजा-अर्चना कर रहे हैं. कई जगहों पर आज के दिन शोभा यात्रा निकाली जाती है. आज के दिन रामायण का पाठ करना भी शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनकी साहित्य उपलब्धियों और जयंती के महत्व से जुड़ी बातें.

महर्षि वाल्मीकि कौन थे?

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, महर्षि वाल्मीकि हिंदू धर्म के प्रमुख ऋषियों में से एक है. उन्हें संस्कृत साहित्य का आदिकवि कहा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उन्होंने रामायण जैसे महाग्रंथ की रचना की थी. रामायण में भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों का विस्तार किया है. इस महाकाव्य में सत्य, धर्म, त्याग, करुणा, कर्तव्य और मर्यादा जैसे मूल्यों को प्रमुख मानते हैं. महर्षि वाल्मीकि का योगदान सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं माना जाता है. बल्कि भारतीय साहित्य और संस्कृति पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ता है. रामायण की कथा सदियों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती है. आज भी रामलीला, रामकथा और धार्मिक नाट्यों में उनके रचे महाकाव्य के प्रसंद लोगों तक पहुंचाएं जाते हैं.

ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026: करवा चौथ कब है? जानें चांद दिखने के बाद व्रत खोलने की A2Z विधि

वाल्मीकि जयंती 2026 तिथि

पंचांग के अनुसार, आश्विन मास की पूर्णिमा तिथि 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर शुरू हुई थी. इस तिथि का समापन 26 अक्टूबर को सुबह 09:41 मिनट पर हुआ था. सोमवार को यानी आज सूर्योदय हुआ है, तो इसलिए वाल्मीकि जयंती आज मनाई जा रही है.

वाल्मीकि जयंती 2026 पूजा शुभ मुहूर्त

26 अक्टूबर को सूर्योदय प्रात:काल 6 बजकर 29 मिनट पर हुआ है. ऐसे में पूर्णिमा तिथि के दौरान पूजा करने वाले सभी भक्त सुबह 6:29 बजे से लेकर सुबह 9:41 मिनट तक पूजा-पाठ कर सकते हैं. इसके अलावा, आज अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.48 बजे से दोपहर 12.33 मिनट तक रहेगा. इस दौरान भी महर्षि वाल्मीकि की पूजा कर सकते हैं और रामायण का पाठ कर सकते हैं.

घर पर कैसे करें पूजा?

आज के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि करें और फिर पूजा स्थल की सफाई करें. अब एक चौकी पर साफ कपड़ा बिछाएं. उस पर महर्षि वाल्मीकि का चित्र स्थापित करें और चित्र के समीप रामायण की पुस्तक रखें. इसके बाद दीया और धूप जलाएं. महर्षि वाल्मीकि को फूल चढ़ाएं और फलों तथा मिठाइयों का भोग लगाएं. इसके बाद भक्तिभाव के साथ रामायण का पाठ करें.

आदिकवि क्यों माने जाते हैं महर्षि वाल्मीकि?

महर्षि वाल्मीकि को आदिकवि कहने के पीछे संस्कृत काव्य परंपरा से जुड़ी प्रसिद्ध मान्यताएं हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एक दिन महर्षि वाल्मीकि ने क्रौंच पक्षियों के एक जोड़े को देखा था. तभी एक शिकारी ने उन पक्षियों में से एक को मार दिया. अपने साथी पक्षी के बिछड़ने से दुखी दूसरे पक्षी की आवाज सुनकर महर्षि वाल्मीकि के मुख से श्लोक निकला. इसी घटना से उनके अंदर काव्य रचना की प्रेरणा जागी. इस प्रसंग को संस्कृत काव्य के शुरुआती श्लोकों में से एक माना जाता है. इसी वजह से उन्हें आदिकवि यानी प्रथम कवि के रूप में भी जाना जाता है. इस प्रसंग को साहित्य में करुणा और संवेदनशीलता से भरा हुआ माना जाता है.

सीता माता और लव-कुश से जुड़ा वाल्मीकि का संबंध समझें

रामायण की परंपरा में महर्षि वाल्मीकि का संबंध सीता माता और उनके दो पुत्रों लव-कुश से भी बताया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब माता सीता अयोध्या से वन में गईं, तब महर्षि वाल्मीकि ने उन्हें अपने आश्रम में आश्रय दिया था. लव और कुश का जन्म भी इसी आश्रम में हुआ था. दोनों बालकों को शिक्षा भी महर्षि वाल्मीकि ने दी थी और रामायण के प्रसंगों से परिचित करवाया था. इस प्रसंग में महर्षि वाल्मीकि गुरु, साहित्य और मार्गदर्शक के रूप में दर्शाए गए हैं.

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर करें ये खास काम

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर पूजा और रामायण के पाठ के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में सहायता करनी चाहिए. उनकी जरूरतों के अनुसार, किताबों और अन्य शैक्षणिक सामग्रियां दान कर सकते हैं. आज के दिन से आप ऐसा संकल्प ले सकते हैं कि उन बच्चों को पढ़ाएं, जो किसी कारण से स्कूल नहीं जा पाते. आप किसी बच्चे की पढ़ाई का संकल्प भी ले सकते हैं. 

महर्षि वाल्मीकि की रामायण से मिलती हैं जीवन की ये 5 बड़ी सीख

महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण को सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला महाकाव्य भी माना जाता है. इसमें भगवान श्रीराम के जीवन के माध्यम से सत्य, धर्म, कर्तव्य, त्याग और मर्यादा जैसे मूल्यों का संदेश दिया गया है. रामायण की कथा सिखाती है कि कठिन परिस्थितियों में भी व्यक्ति को अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों का पालन करना चाहिए. भगवान राम का जीवन धैर्य और मर्यादा रखने की प्रेरणा देता है. वहीं, माता सीता का चरित्र साहस, आत्मसम्मान और धैर्य का प्रतीक माना जाता है. लक्ष्मण के जीवन से सेवा और समर्पण की सीख मिलती है, जबकि भरत का चरित्र त्याग व भाई के प्रति प्रेम का उदाहरण प्रस्तुत करता है. महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रामायण से प्राप्त इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया जा सकता है. इससे समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की प्रेरणा मिलती है.

महर्षि वाल्मीकि जयंती का धार्मिक और सामाजिक महत्व क्या है?

महर्षि वाल्मीकि जयंती का उत्सव भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक परंपरा में खास महत्व रखता है. इस दिन महर्षि वाल्मीकि के महान योगदान को स्मरण करने से और उनके विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर माना जाता है. इस अवसर पर देश के कई हिस्सों में मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, रामायण पाठ और शोभायात्राओं का आयोजन किया जाता है. श्रद्धालु महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में समानता, शिक्षा और सद्भाव का संदेश देते हैं. महर्षि वाल्मीकि की परंपरा को ज्ञान, साधना और साहित्यिक रचनात्मकता से भी जोड़कर देखा जाता है. उनकी जयंती पर जरूरतमंद लोगों की मदद करना, बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और समाज में आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करना भी इस पर्व की भावना के अनुरूप है. इस तरह वाल्मीकि जयंती केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, करुणा और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी देती है.

ये भी पढ़ें-  ramayan Katha: 14 वर्ष तक बिना सोए वनवास में जिस भाई ने की रक्षा, आखिर क्यों राजा राम को देना पड़ा था लक्ष्मण को मृत्युदंड?

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और केवल सूचना के लिए प्रदान की गई है. News Nation इसकी पुष्टि नहीं करता है.)