world-news

'इतना जूता मारूंगा' मछली भोज पर LIVE डिबेट में महंत राजू दास ने कांग्रेसी को दी गंदी-गंदी गालियां, एंकर दंग!

August 24, 2026

Time Published: Tuesday, August 25, 2026, 0:35 [IST]

Mahant Raju Das Abuses Congress Kunwar Singh Nishad Video: अयोध्या में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हुए मछली भोज को लेकर राजनीतिक बयानबाजी अब टीवी डिबेट तक पहुंच गई है। 24 अगस्त को एक लाइव शो में हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते बातचीत इतनी बढ़ गई कि महंत राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता को गंदी-गंदी अभद्र गालियां दे डाली।

डीडी न्यूज यूपी के लाइव शो कार्यक्रम में मौजूद महिला एंकर दीप्ति शाही सिंह और निधि श्रीवास्तव भी इस घटनाक्रम से असहज नजर आईं। स्थिति बिगड़ने पर एंकर को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील करनी पड़ी और कार्यक्रम को बीच में रोकना पड़ा। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ?

itna-joota-marunga-mahant-raju-das

Machli Bhat Live Debate: कैसे शुरू हुआ विवाद?

दरअसल, अयोध्या में 23 अगस्त को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में निषाद समाज की ओर से मछली भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेता शामिल हुए थे। लेकिन, इससे पहले अजय राय हनुमानगढ़ी दर्शन करने पहुंचे थे। ऐसे में मछली भोज को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हुआ। 24 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अजय राय पर निशाना साधते हुए, उनके अयोध्या में दर्शन करने के बाद मछली भोज में शामिल होने को लेकर सवाल उठाए। इसके बाद इसी मुद्दे पर एक टीवी चैनल के लाइव डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद और हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास आमने-सामने थे।

कांग्रेस प्रवक्ता ने क्या कहा?

डिबेट के दौरान एंकर ने कुंवर सिंह निषाद से सवाल किया कि दर्शन और धार्मिक स्थल से लौटने के बाद मछली-भात के भोज में शामिल होने का क्या औचित्य था? जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कार्यक्रम निषाद समाज का था और मछली खाना उनके समाज की जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कई गंभीर मुद्दों को लेकर कार्रवाई नहीं होती, लेकिन मछली खाने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। निषाद ने यह भी कहा कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जिसके तहत सावन के महीने में मछली खाना अपराध हो। इसी दौरान उन्होंने भाजपा के नेताओं के नॉनवेज खाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इस पर सवाल क्यों नहीं किए जाते।

'चुप' कहने पर भड़के महंत राजू दास

बहस के दौरान महंत राजू दास ने जवाब देने की कोशिश की। इसी बीच कांग्रेस प्रवक्ता ने उन्हें 'चुप' रहने को कहा। इसके बाद बहस अचानक व्यक्तिगत टिप्पणी और तीखी नोकझोंक में बदल गई। लाइव शो के दौरान महंत राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज की और धमकी भरे अंदाज में 'इतना जूता मारूंगा' जैसी बात कही। अचानक बढ़े विवाद के बीच महिला एंकर कुछ क्षणों के लिए असहज नजर आईं। इसके बाद उन्होंने दोनों पक्षों को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

महिला एंकर ने महंत राजू दास को टोका

एंकर ने महंत राजू दास से कहा कि वे राष्ट्रीय चैनल के लाइव डिबेट में बैठे हैं और इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि वे महंत हैं और उनके पद की गरिमा के अनुरूप भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। एंकर ने साफ तौर पर कहा कि बातचीत के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है और बहस को सही तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। स्थिति सामान्य नहीं होने पर कार्यक्रम को बीच में ही समाप्त करना पड़ा।

कांग्रेस ने बताया लोकतांत्रिक मर्यादा का अपमान

घटना के बाद यूपी कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय ने महंत राजू दास की कथित भाषा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बहस में तर्क खत्म होने के बाद गाली-गलौज को हथियार बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने व्यक्तिगत टिप्पणी और धमकी भरी भाषा को लोकतांत्रिक आचरण के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसी भाषा को न तो संतत्व की पहचान माना जा सकता है और न ही सनातन संस्कार या लोकतांत्रिक व्यवहार।